माफिया से मुक्त जमीन पर गरीबों के लिए बनेंगे आवास, कसारी-मसारी अब कहलाएगा ‘श्रीकृष्णपुरी’

लखनऊ। माफिया से मुक्त कराई गई जमीन पर अब गरीब परिवारों के आशियाने बनेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को प्रयागराज के कसारी-मसारी क्षेत्र में 191 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से पद्मलोक आवासीय योजना के तहत 602 आवासों के निर्माण के लिए भूमि पूजन किया।
इस दौरान उन्होंने घोषणा की कि कसारी-मसारी क्षेत्र को अब ‘श्रीकृष्णपुरी’ के रूप में विकसित किया जाएगा। यहां आवासों के साथ बाजार, पार्क, जिम और खेलकूद की सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत पीपलगांव में बने 556 आवासों के लाभार्थियों को चाबी भी सौंपी। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस जमीन पर कभी माफिया अतीक अहमद और उसके गुर्गों का कब्जा था, वहां अब गरीब परिवारों को पक्के मकान मिलेंगे। सरकार का उद्देश्य केवल अवैध कब्जे हटाना नहीं, बल्कि उस जमीन का उपयोग जरूरतमंदों के हित में करना भी है। उन्होंने कहा कि लूकरगंज में माफिया से मुक्त कराई गई जमीन पर 86 गरीब परिवारों को आवास उपलब्ध कराए जा चुके हैं। अब कसारी-मसारी में भी इसी दिशा में कदम बढ़ाया जा रहा है।
पहले चरण में 602, दूसरे में 598 परिवारों को मिलेगा घर
मुख्यमंत्री ने बताया कि कसारी-मसारी में पहले चरण में 602 और दूसरे चरण में 598 परिवारों को आवास उपलब्ध कराने की योजना है। इस तरह करीब 1200 परिवारों को पक्के घर मिलेंगे। आवासीय परिसर को व्यवस्थित टाउनशिप के रूप में विकसित किया जाएगा। यहां रहने वाले परिवारों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए बाजार, पार्क, जिम और खेलकूद के लिए स्थान बनाया जाएगा। इन सुविधाओं को विकसित करने की जिम्मेदारी प्रयागराज विकास प्राधिकरण की होगी।
उन्होंने कहा कि गरीबों को आवास देने का मतलब केवल छत उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि उन्हें सम्मानजनक जीवन के लिए बेहतर वातावरण देना है। सरकार बिना भेदभाव गरीबों को आवास की सुविधा उपलब्ध करा रही है।
‘माफियागिरी करने वालों पर होगी कार्रवाई’
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उनकी सरकार अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। प्रयागराज में अब कोई माफियागिरी करने का दुस्साहस नहीं करे। उन्होंने कहा कि किसी की संपत्ति पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी और अवैध तरीके से अर्जित संपत्ति को जब्त कर गरीबों के लिए आवास बनाने में इस्तेमाल किया जा सकता है।
मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि सपा की सरकार में माफिया और गुंडों का प्रभाव था, जबकि भाजपा सरकार विकास और बदलाव पर जोर देती है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों के दौरान माफिया अतीक अहमद और अशरफ का प्रयागराज में दबदबा था और आम लोग खुद को असुरक्षित महसूस करते थे।
प्रयागराज में सड़क, पुल और लॉ यूनिवर्सिटी पर काम
मुख्यमंत्री ने कहा कि महाकुंभ के दौरान प्रयागराज में सड़कों को चौड़ा किया गया, जिससे आवागमन सुगम हुआ है। सहसों क्षेत्र में गंगा नदी पर पुल के निर्माण पर करीब 950 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। डॉ. राजेंद्र प्रसाद नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी का निर्माण भी अंतिम चरण में है। उन्होंने कहा कि प्रयागराज में एयरपोर्ट और गंगा एक्सप्रेसवे जैसी सुविधाओं से कनेक्टिविटी बेहतर हुई है।
उन्होंने यह भी बताया कि प्रयागराज में बनने वाले आईटीआई का नाम महाराजा बिजली पासी के नाम पर रखा जाएगा। इसके माध्यम से उनके योगदान को सम्मान दिया जाएगा।
मंच से लाभार्थियों को मिली आवास की चाबी
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत पीपलगांव में निर्मित 556 आवासों के लाभार्थियों को चाबी वितरित की गई। मंच पर ममता, सिंधु श्रीवास्तव, कंचन सोनी, बसंती देवी, निरुपम चक्रवर्ती, शंकरलाल कुशवाहा, प्रियंका सोनकर, ललिता पांडे, रंजीता सोनकर और हरिशंकर मिश्रा को चाबी सौंपी गई।
इस अवसर पर प्रभारी मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी, विधायक सिद्धार्थ नाथ सिंह, सांसद प्रवीण पटेल, महापौर गणेश केसरवानी सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
ताज़ा खबरें सबसे पहले पाएं
WhatsApp Channel, Google News और सोशल मीडिया पर फॉलो करें




