UP

योगी ने पखारे कन्याओं के पांव, लिया आशीर्वाद

गोरखपुर। शारदीय नवरात्र की महानवमी पर सोमवार को मुख्यमंत्री एवं गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर में परंपरागत कन्या पूजन किया। उन्होंने नौ दुर्गा स्वरूपा कन्याओं के पांव पखारकर विधि-विधान से पूजन किया और चुनरी ओढ़ाकर आरती उतारी। इसके बाद अपने हाथों से कन्याओं को भोजन कराया उपहार व दक्षिणा देकर उनका आशीर्वाद लिया। मुख्यमंत्री ने बटुक पूजन भी किया।

गोरखनाथ मंदिर के अन्न क्षेत्र के प्रथम तल स्थित भोजन कक्ष में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कन्या पूजन का अनुष्ठान हुआ। सीएम योगी ने पीतल की परात में जल लेकर कन्याओं के पांव धोए। इसके बाद रोली, चंदन, दही और अक्षत से तिलक लगाकर पुष्प व जौ के ज्वारे अर्पित किए। उन्होंने कन्याओं को माला पहनाई और चुनरी ओढ़ाकर उनका सत्कार किया।

योगी ने पखारे कन्याओं के पांव, लिया आशीर्वाद
भोजन परोसते सीएम योगी आदित्यनाथ

कन्याओं और बटुकों को अपने हाथों से परोसा भोजन

पूजन के बाद मुख्यमंत्री ने मंदिर की रसोई में तैयार भोजन प्रसाद कन्याओं और बटुकों को अपने हाथों से परोसा। इस दौरान वह बच्चों से आत्मीयता से बातचीत करते रहे और यह सुनिश्चित करते रहे कि किसी की थाली में प्रसाद की कमी न रहे। नौ कन्याओं के अलावा मंदिर पहुंचे अन्य बच्चों और बटुकों का भी पूजन कर आरती उतारी गई। कन्या भोज के लिए अन्न क्षेत्र के प्रथम तल और भूतल पर व्यवस्था की गई थी।

मां सिद्धिदात्री की आराधना

कन्या पूजन से पहले मुख्यमंत्री ने सोमवार सुबह गोरखनाथ मंदिर के शक्तिपीठ में मां सिद्धिदात्री की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। गोरक्षपीठ की परंपरा के अनुरूप आयोजित अनुष्ठान में कन्याओं और बटुकों को भोजन कराने के साथ उपहार व दक्षिणा प्रदान की गई। इस अवसर पर मंदिर के प्रधान पुजारी योगी कमलनाथ, कालीबाड़ी के महंत रविंद्रदास सहित कई साधु-संत मौजूद रहे।

ताज़ा खबरें सबसे पहले पाएं

WhatsApp Channel, Google News और सोशल मीडिया पर फॉलो करें

Mahima Tiwari

महिमा तिवारी, द कवरेज में सीनियर पत्रकार हैं। पत्रकारिता में 23 साल का अनुभव रखतीं हैं। वह राजनीति, हेल्थ, लाइफ स्‍टाइल और ह्यूमन एंगल स्टोरीज लिखती हैं। महिलाओं और बच्चों से संबंधित मुद्दों पर भी लिखना पसंद है।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button