प्रदूषण ने 5.5 करोड़ से अधिक लोगों को बनाया सीओपीडी मरीज

लखनऊ। लगातार खांसी, सांस फूलना और सीने में जकड़न को सामान्य परेशानी समझकर नजरअंदाज करना भारी पड़ सकता है। ये लक्षण फेफड़ों की गंभीर बीमारी क्रॉनिक ऑब्सट्रक्टिव पल्मोनरी डिजीज (COPD) के हो सकते हैं। विश्व सीओपीडी दिवस (18 नवंबर) के अवसर पर केजीएमयू के पल्मोनरी एवं क्रिटिकल केयर मेडिसिन विभाग ने लोगों को बीमारी के प्रति जागरूक करते हुए समय पर जांच और इलाज कराने की सलाह दी है। विशेषज्ञों के मुताबिक, देश में 5.5 करोड़ से अधिक लोग इस बीमारी से पीड़ित हैं। धूम्रपान के अलावा बढ़ता वायु प्रदूषण भी इसके प्रमुख कारण हैं।
विभागाध्यक्ष प्रो. (डॉ.) वेद प्रकाश ने बताया कि सीओपीडी फेफड़ों की धीरे-धीरे बढ़ने वाली बीमारी है। इसमें सांस लेने में परेशानी होती है और समय के साथ मरीज की सामान्य गतिविधियां भी प्रभावित होने लगती हैं। पुरानी खांसी, सांस लेने में तकलीफ, घरघराहट, सीने में जकड़न, थकान और बार-बार श्वसन संक्रमण इसके प्रमुख लक्षण हैं। कई बार मरीज शुरुआत में इन लक्षणों को उम्र बढ़ने या सामान्य कमजोरी से जोड़कर नजरअंदाज कर देते हैं। इससे बीमारी का पता देर से चलता है और इलाज मुश्किल हो सकता है।
उन्होंने बताया कि सीओपीडी का सबसे बड़ा जोखिम कारक धूम्रपान है। हालांकि, यह बीमारी केवल धूम्रपान करने वालों तक सीमित नहीं है। रसोई में लकड़ी, कोयला और उपले जलाने से निकलने वाला धुआं, औद्योगिक प्रदूषण और धूल-रसायनों के लंबे समय तक संपर्क में रहना भी फेफड़ों को नुकसान पहुंचाता है। दुनिया भर में सीओपीडी के करीब एक-तिहाई मामले ऐसे लोगों में भी पाए जाते हैं, जिन्होंने कभी धूम्रपान नहीं किया।
2050 तक 65 करोड़ तक पहुंच सकते हैं मरीज
विशेषज्ञों के मुताबिक, वर्ष 2025 में दुनियाभर में 50 करोड़ से अधिक लोग सीओपीडी से प्रभावित थे। अनुमान है कि वर्ष 2050 तक मरीजों की संख्या 60 से 65 करोड़ तक पहुंच सकती है। वर्ष 2019 में इस बीमारी के कारण दुनिया भर में करीब 32 लाख लोगों की मौत हुई थी।
इनहेलर से मिलता है प्रभावी इलाज
डॉ. वेद प्रकाश ने बताया कि सीओपीडी के इलाज में इनहेलर की महत्वपूर्ण भूमिका है। मरीज की स्थिति के अनुसार ब्रोंकोडायलेटर्स, इनहेल्ड कॉर्टिकोस्टेरॉइड्स, पल्मोनरी रिहैबिलिटेशन और जरूरत पड़ने पर ऑक्सीजन थेरेपी दी जाती है। गंभीर मामलों में अन्य उपचार और सर्जरी की जरूरत भी पड़ सकती है। उन्होंने धूम्रपान पूरी तरह छोड़ने, प्रदूषण से बचने, घरों में स्वच्छ ईंधन का इस्तेमाल करने और फ्लू व न्यूमोकोकल टीकाकरण कराने की सलाह दी।
केजीएमयू में बेहतर जांच और इलाज की सुविधाएं
केजीएमयू के पल्मोनरी एवं क्रिटिकल केयर मेडिसिन विभाग में सीओपीडी की पहचान और गंभीरता का आकलन करने के लिए स्पायरोमेट्री, बॉडी प्लेथिस्मोग्राफी, डिफ्यूजन स्टडी, फोर्स्ड ऑसिलोमेट्री और हाई रिजोल्यूशन सीटी स्कैन जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। गंभीर मरीजों के इलाज के लिए आधुनिक आईसीयू और वेंटिलेटर की व्यवस्था भी है। इसके अलावा गंभीर सीओपीडी के चुनिंदा मरीजों के लिए ब्रोंकोस्कोपिक थर्मल वेपर एब्लेशन (BTVA) जैसी तकनीक और एडवांस पल्मोनरी रिहैबिलिटेशन यूनिट भी शुरू की गई है।
ताज़ा खबरें सबसे पहले पाएं
WhatsApp Channel, Google News और सोशल मीडिया पर फॉलो करें



