Holi 2026 : सीएम योगी ने दिया आदेश, होली से पहले आएगा वेतन, संविदा और आउटसोर्सिंग कर्मियों को भी बड़ी राहत

लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi) ने होली के पर्व से पहले ही सभी कर्मचारियों को वेतन का भुगतान करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा है कि त्योहार के मद्देनजर किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी विभाग तय समयसीमा का कड़ाई से पालन करें।
मुख्यमंत्री (CM Yogi) ने इसके साथ ही आउटसोर्सिंग, संविदाकर्मी, सफाईकर्मी समेत सभी श्रेणी के कर्मियों का भुगतान भी त्योहार से पहले सुनिश्चित करने को कहा है, ताकि किसी भी कर्मचारी को पर्व के दौरान आर्थिक परेशानी का सामना न करना पड़े।
28 फरवरी को खुलेंगे ऑफिस, समय पर मिलेगा वेतन
मुख्यमंत्री (CM Yogi) के आदेशानुसार, शनिवार यानी 28 फरवरी को विशेष कार्यदिवस घोषित किया गया है। यह निर्णय इसलिए लिया गया है ताकि बैंकिंग और ट्रेजरी से जुड़े कार्य समय पर पूरे हो सकें और वेतन निकासी में कोई तकनीकी बाधा न आए। सीएम ने स्पष्ट किया है कि वेतन भुगतान में किसी भी स्तर पर होने वाली लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
संविदा और सफाईकर्मियों का भी रखा ख्याल
योगी सरकार ने केवल नियमित राज्यकर्मियों ही नहीं, बल्कि आउटसोर्सिंग, संविदा और सफाईकर्मियों के हितों को भी प्राथमिकता दी है। मुख्यमंत्री ने सभी विभागों को निर्देशित किया है कि इन श्रेणी के कर्मचारियों को भी समय पर भुगतान किया जाए ताकि उन्हें आर्थिक तंगी का सामना न करना पड़े।
होली पर 3 दिनों का सरकारी अवकाश
राज्य सरकार ने होली के अवसर पर छुट्टियों का भी आधिकारिक ऐलान कर दिया है। प्रदेश में 2, 3 और 4 मार्च को सार्वजनिक अवकाश रहेगा। हालांकि, 28 फरवरी (शनिवार) को कार्यदिवस होने के बदले में कर्मचारियों को त्योहार के दौरान राहत दी गई है।
मुख्यमंत्री की कड़ी चेतावनी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चेतावनी दी है कि भुगतान और अवकाश संबंधी आदेशों के पालन में यदि किसी भी अधिकारी या विभाग द्वारा ढिलाई बरती गई, तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि “त्योहार के दौरान कर्मचारियों के हितों की अनदेखी किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं होगी।”




