UP

सिधौली तहसील में एंटी करप्शन का शिकंजा: 1.07 लाख की रिश्वत लेते बाबू गिरफ्तार

सिधौली/सीतापुर, बुधवार। भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लखनऊ से आई एंटी करप्शन टीम ने तहसील सिधौली में तैनात एक वरिष्ठ बाबू को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी बाबू अनुपम श्रीवास्तव को एक किसान से दाखिल-खारिज (म्यूटेशन) के एवज में 1 लाख 7 हजार रुपये की घूस लेते समय दबोचा गया। इस कार्रवाई से तहसील परिसर में हड़कंप मच गया और कई कर्मचारी मौके से खिसक गए।

किसान की शिकायत पर बिछाया गया जाल

जानकारी के अनुसार, अटरिया थाना क्षेत्र के एक किसान ने एंटी करप्शन टीम से शिकायत की थी कि उसकी जमीन के दाखिल-खारिज के लिए बाबू अनुपम श्रीवास्तव लगातार रिश्वत की मांग कर रहा है। शिकायत की जांच के बाद टीम ने जाल बिछाया। जैसे ही आरोपी ने रिश्वत की रकम ली, टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया।

पहले भी लग चुके हैं गंभीर आरोप

सूत्रों के मुताबिक, आरोपी बाबू का विवादों से पुराना नाता रहा है। जब वह सीतापुर सदर तहसील में तैनात था, तब भी उस पर भ्रष्टाचार और नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी के आरोप लगे थे। शिकायतों के चलते उसे वहां से हटाकर सिधौली भेजा गया था, लेकिन यहां भी उसकी कार्यशैली में कोई बदलाव नहीं आया।

तहसील में मचा सन्नाटा, लखनऊ ले गई टीम

अचानक हुई इस कार्रवाई के बाद तहसील परिसर में सन्नाटा पसर गया। एंटी करप्शन टीम आरोपी को अपने साथ लखनऊ ले गई है, जहां उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

भ्रष्टाचार पर कड़ा संदेश

इस कार्रवाई ने तहसील प्रशासन में व्याप्त भ्रष्टाचार पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। साथ ही यह स्पष्ट संदेश भी दिया है कि रिश्वतखोरी करने वालों के खिलाफ अब सख्त कार्रवाई तय है।

Shailendra Yadav

शैलेंद्र यादव सीनियर पत्रकार हैं। वह राजनीति, एजूकेशन, हेल्थ, लाइफ स्‍टाइल और ह्यूमन एंगल स्टोरीज लिखते हैं। ग्राउंड रिपोर्टिंग और दिलचस्प कहानियां भी लिखते हैं। पत्रकारिता में 12 साल का अनुभव है। करियर की शुरुआत सीतापुर लाइव न्यूज. इसके बाद विभिन्‍न पत्र पत्रिकाओं में काम किया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button