PM Surya Ghar Yojana: सोलर इंस्टॉलेशन में लखनऊ ने रचा इतिहास, सूरत को पछाड़कर बना देश का नंबर वन जिला

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ (Lucknow) ने सौर ऊर्जा के क्षेत्र में इतिहास रच दिया है। देशभर में रूफटॉप सोलर इंस्टॉलेशन (Rooftop Solar Installation) के मामले में लखनऊ ने गुजरात के सूरत को पीछे छोड़ते हुए पहला स्थान हासिल कर लिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में चल रहे अभियान और ‘पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना’ (PM Surya Ghar Yojana) के तहत राजधानी ने यह राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया है।
लखनऊ में अब तक लगे 87 हजार से ज्यादा सोलर प्लांट
उत्तर प्रदेश नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा अभिकरण (UPNEDA) के निदेशक इंद्रजीत सिंह ने बताया कि योजना के तहत लखनऊ में अब तक 87,000 से अधिक रूफटॉप सोलर संयंत्र लगाए जा चुके हैं। यह आंकड़ा देश के किसी भी जिले में सबसे अधिक है। हाल ही में जनवरी, फरवरी, मार्च और अप्रैल के लिए जारी किए गए डेटा के अनुसार, केवल 15 अप्रैल तक ही लखनऊ में 3,133 नए रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित किए गए हैं। यह शानदार प्रदर्शन लखनऊ को सोलर ऊर्जा अपनाने के मामले में देश का सिरमौर बनाता है।
आखिर क्यों तेजी से सोलर पैनल लगवा रहे हैं लोग?
विशेषज्ञों के मुताबिक, शहरी इलाकों में लाइफस्टाइल में आए बदलावों की वजह से बिजली की खपत बढ़ी है। घरेलू रसोई गैस (LPG) की जगह इंडक्शन कुकटॉप का इस्तेमाल बढ़ा है, साथ ही इलेक्ट्रिक वाहनों (EVs) की बढ़ती डिमांड ने भी बिजली की जरूरत को बढ़ाया है। ऐसे में बिजली के भारी-भरकम बिलों से बचने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता के चलते लोग तेजी से सौर ऊर्जा (Solar Energy) को अपना रहे हैं। रूफटॉप सोलर सिस्टम से उपभोक्ताओं को लंबे समय तक आर्थिक फायदा हो रहा है और वे बिजली के मामले में आत्मनिर्भर बन रहे हैं।
सब्सिडी और आसान प्रक्रिया ने बढ़ाई रफ्तार
घरों की छतों पर सोलर पैनल लगाने के इस बढ़ते रुझान के पीछे केंद्र और राज्य सरकार की ओर से दी जा रही सोलर सब्सिडी (Solar Subsidy) अहम भूमिका निभा रही है। इसके लिए आवेदन प्रक्रिया को भी बेहद आसान बना दिया गया है। बिजली विभाग (Discom) और संबंधित एजेंसियों की सक्रियता से अब इंस्टॉलेशन की प्रक्रिया काफी तेज और सुविधाजनक हो गई है। लखनऊ की इस बड़ी कामयाबी को देखकर यूपी के अन्य शहर भी अब रूफटॉप सोलर ऊर्जा के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।




