भाजपा 2027 में बंगाल जैसी बड़ी जीत दोहराएगी : डॉ. दिनेश शर्मा

प्रशिक्षण राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया, कार्यकर्ता ही भाजपा की ताकत
सीतापुर/लखनऊ। राज्यसभा सांसद एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी बंगाल जैसी बड़ी जीत दर्ज करेगी और प्रदेश में दो-तिहाई बहुमत से सरकार बनाएगी। उन्होंने दावा किया कि सपा, बसपा और कांग्रेस का पूरी तरह सफाया होगा तथा कांग्रेस राहुल गांधी के नेतृत्व में हार का शतक पूरा करेगी।

वे सीतापुर स्थित रवीरा रिज़ॉर्ट में आयोजित भारतीय जनता पार्टी के “पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महा अभियान 2026” के समापन सत्र को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं को संगठन, सेवा, समर्पण एवं राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ वैचारिक और संगठनात्मक प्रशिक्षण दिया तथा भाजपा के इतिहास एवं विकास पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया।
डॉ. शर्मा ने कहा कि प्रशिक्षण राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया है, जो व्यक्ति निर्माण से शुरू होकर संगठन निर्माण तक पहुंचती है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित पार्टी है और सरकार संगठन की रीति-नीति व सिद्धांतों पर चलती है। पार्टी की विचारधारा एकात्म मानववाद और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद पर आधारित है।

उन्होंने कहा कि सीखने की भूख रखने वाला कार्यकर्ता ही श्रेष्ठ कार्यकर्ता होता है। भाजपा में पद नहीं, बल्कि दायित्व बदलते हैं। भाजपा का कार्यकर्ता अन्य दलों के कार्यकर्ताओं से अलग होता है, क्योंकि उसके लिए राष्ट्र सर्वोपरि होता है।
जनसंघ के गठन का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि आजादी से पहले संघ और राष्ट्रवादी विचारधारा से जुड़े लोग कांग्रेस के साथ मिलकर देश की स्वतंत्रता के आंदोलन में शामिल थे। आजादी के बाद संघ पर लगाए गए आरोपों और स्वयंसेवकों के उत्पीड़न का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इन्हीं परिस्थितियों में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने कांग्रेस छोड़कर जनसंघ की स्थापना की।
उन्होंने कहा कि सीतापुर कार्यकर्ताओं की मेहनत और संगठनात्मक इतिहास की भूमि रही है। भाजपा का कार्यकर्ता सत्ता के साथ नहीं बदलता, बल्कि पार्टी की विचारधारा और सिद्धांतों के साथ जुड़ा रहता है। यही कारण है कि भाजपा एक बार सत्ता में आने के बाद लंबे समय तक जनसमर्थन बनाए रखती है।
पूर्व उपमुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार प्रदेश में सर्वाधिक बिजली आपूर्ति सुनिश्चित कर रही है। जहां भी बिजली संबंधी समस्याएं हैं, उनका त्वरित समाधान कराया जा रहा है। उन्होंने केंद्र सरकार की नीतियों की सराहना करते हुए कहा कि वैश्विक परिस्थितियों के बावजूद देश में पेट्रोलियम उत्पादों का संकट नहीं आने दिया गया।
कार्यक्रम में रेखा वर्मा, अर्चना मिश्रा, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ला, विधायक शशांक त्रिवेदी, राम कृष्ण भार्गव, मनीष रावत, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रद्धा सागर गुप्ता, पूर्व विधायक सुनील वर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे।
ताज़ा खबरें सबसे पहले पाएं
WhatsApp Channel, Google News और सोशल मीडिया पर फॉलो करें




