UP

माटी से ही हमारी पहचान, अपनी जड़ों को कभी न भूलें : बृजेश पाठक

लखनऊ। जीवन की आपाधापी में कई बार हम इतने व्यस्त हो जाते हैं कि अपनी जन्मभूमि, गांव, शहर और उस माटी को याद करने का समय नहीं निकाल पाते, जिसने हमें संस्कार दिए और आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। हमारी पहचान हमारी जड़ों से है। हम देश और दुनिया के किसी भी कोने में कार्य करें, लेकिन अपनी माटी का प्रतिनिधित्व करना कभी नहीं भूलना चाहिए।

यह बातें उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने शनिवार को संगीत नाटक अकादमी परिसर में आयोजित नौवें पूर्वांचल माटी महोत्सव एवं सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि माटी केवल एक शब्द नहीं, बल्कि हमारी सभ्यता, संस्कृति, संस्कारों, विचारधारा और पहचान की संवाहक है। यह हमें अपनी जड़ों से जोड़ती है और जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है। हमें देश-दुनिया में कहीं भी रहें, अपनी माटी को सदैव याद रखना चाहिए और अपने कार्यों एवं उपलब्धियों के माध्यम से उसका गौरव बढ़ाना चाहिए।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश की माटी ने देश को अनेक महापुरुष, संत, विचारक, साहित्यकार, कलाकार और प्रतिभाशाली व्यक्तित्व दिए हैं। प्रदेश के लोगों ने अपनी प्रतिभा, परिश्रम और कर्तव्यनिष्ठा से देश-विदेश में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। आज उत्तर प्रदेश का युवा हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रहा है। शिक्षा, चिकित्सा, विज्ञान, उद्योग, व्यापार, कला, संस्कृति और प्रशासन सहित विभिन्न क्षेत्रों में प्रदेश के लोग अपनी उपलब्धियों से प्रदेश का गौरव बढ़ा रहे हैं। हमें अपनी जन्मभूमि और अपनी सांस्कृतिक विरासत पर गर्व होना चाहिए।

माटी ने दिया परिश्रम और सेवा का संदेश

उन्होंने कहा कि पूर्वांचल की माटी में हमारी समृद्ध सभ्यता, लोकपरंपराओं, आध्यात्मिक चेतना और गौरवशाली इतिहास की सुगंध समाहित है। काशी की ज्ञान परंपरा, महापुरुषों की विचारधारा, लोकगीतों की मिठास और लोककलाओं की जीवंतता पूर्वांचल की विशिष्ट पहचान हैं। यहां की संस्कृति ने सदैव समाज को एकता, समरसता, परिश्रम और सेवा का संदेश दिया है।

सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने का काम करता है माटी महोत्सव

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि ‘पूर्वांचल माटी महोत्सव’ जैसे आयोजन हमारी सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने, प्रतिभाओं को सम्मानित करने और नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। ऐसे आयोजन उन लोगों के योगदान को पहचान दिलाते हैं, जिन्होंने अपनी प्रतिभा, संघर्ष और समर्पण से समाज तथा प्रदेश का नाम रोशन किया है। अपनी माटी के प्रति सम्मान का भाव हमारी भावी पीढ़ियों में भी विकसित होना चाहिए, ताकि वे आधुनिकता के साथ अपनी परंपराओं और सांस्कृतिक मूल्यों को भी आत्मसात कर सकें।
उन्होंने आह्वान किया कि प्रत्येक व्यक्ति अपनी जन्मभूमि, अपने गांव और अपने शहर की पहचान को अपने साथ लेकर चले। हमारी उपलब्धियां हमारी माटी की प्रतिष्ठा बढ़ाएं और हमारा आचरण हमारे संस्कारों का परिचय दे। अपनी जड़ों से जुड़कर ही हम अपनी सांस्कृतिक विरासत को सुरक्षित रखते हुए विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंच सकते हैं।

माटी से ही हमारी पहचान, अपनी जड़ों को कभी न भूलें : बृजेश पाठक

कार्यक्रम में कविजन प्रशांत पांडे, राजकुमार सिंह, अशोक टाकरी, आलोक अनिल, पंकज प्रसून, सतेन्द्र कुमार कुंतल, हसन काज़मी, बृजनाथ यादव को सम्मानित किया गया।

इस अवसर परकेंद्रीय राज्यमंत्री एवं भाजपा उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, पूर्वांचल माटी महोत्सव के संयोजक आसिफ आज़मी, ज्ञान प्रकाश सिंह, भाजपा लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी, अपर पुलिस महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) अमिताभ यश, आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, अयोध्या के कुलपति ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह, बनारस रॉयल फैमिली के प्रदीप नारायण सिंह, वरिष्ठ पत्रकार प्रतीक त्रिवेदी, प्रदीप सिंह बब्बू, आनंद स्वरूप अग्रवाल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

ताज़ा खबरें सबसे पहले पाएं

WhatsApp Channel, Google News और सोशल मीडिया पर फॉलो करें

Mahima Tiwari

महिमा तिवारी, द कवरेज में सीनियर पत्रकार हैं। पत्रकारिता में 23 साल का अनुभव रखतीं हैं। वह राजनीति, हेल्थ, लाइफ स्‍टाइल और ह्यूमन एंगल स्टोरीज लिखती हैं। महिलाओं और बच्चों से संबंधित मुद्दों पर भी लिखना पसंद है।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button