CSIR-CDRI के वैज्ञानिक प्रो. के. वी. शशीधरा रॉयल सोसाइटी ऑफ केमिस्ट्री (UK) के फेलो निर्वाचित: ड्रग डिस्कवरी और औषधीय रसायन में मिला अंतरराष्ट्रीय सम्मान

लखनऊ। सीएसआईआर–केंद्रीय औषधि अनुसंधान संस्थान (CSIR-CDRI), लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक-जी, मेडिसिनल एंड प्रोसेस केमिस्ट्री प्रभाग के प्रमुख प्रो. कोनेनी वी. शशीधरा को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। प्रो. कोनेनी वी. शशीधरा को रसायन विज्ञान और विशेष रूप से औषधीय रसायन विज्ञान (Medicinal Chemistry) व औषधि खोज के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट और सतत योगदान के लिए उन्हें प्रतिष्ठित रॉयल सोसाइटी ऑफ केमिस्ट्री (FRSC), यूनाइटेड किंगडम का फेलो निर्वाचित किया गया है।
निदेशक ने की सराहना
इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर प्रो. शशीधरा को बधाई देते हुए सीएसआईआर-सीडीआरआई की निदेशक प्रो. राधा रंगराजन ने उनके वैज्ञानिक समर्पण की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह अंतरराष्ट्रीय फेलोशिप उनके शोध की गुणवत्ता और उत्कृष्टता को प्रमाणित करती है। साथ ही, यह सम्मान मानव स्वास्थ्य से जुड़ी जटिल चुनौतियों के समाधान की दिशा में उच्चस्तरीय, नवोन्मेषी और बहुविषयक (Multidisciplinary) अनुसंधान के प्रति सीडीआरआई के संकल्प को वैश्विक मंच पर और मजबूत करता है।
25 वर्षों का शोध अनुभव, 155 रिसर्च पेपर और 20 पेटेंट
प्रो. शशीधरा को औषधीय रसायन विज्ञान, प्राकृतिक उत्पादों पर आधारित ड्रग डिस्कवरी और अनुसंधान के व्यावहारिक विकास में 25 वर्षों से अधिक का गहन अनुभव है। उनकी प्रमुख उपलब्धियां:
-
शोध और आविष्कार: उनके 155 से अधिक शोध-पत्र प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय जर्नल्स में प्रकाशित हो चुके हैं और उनके नाम 20 पेटेंट दर्ज हैं।
-
फोकस एरिया: उनका अनुसंधान मुख्य रूप से मेटाबॉलिक डिसऑर्डर (चयापचय संबंधी विकार), संक्रामक रोग (Infectious Diseases) और कैंसर के इलाज के लिए नई दवाओं के विकास पर केंद्रित है।
-
वे प्राकृतिक उत्पादों से प्रेरित बायो-एक्टिव मॉलिक्यूल्स और सिंथेटिक यौगिकों के संश्लेषण के जरिए केमिस्ट्री और बायो-मेडिकल साइंस के बीच समन्वय स्थापित करने में अग्रणी भूमिका निभा रहे हैं।
रॉयल सोसाइटी ऑफ केमिस्ट्री (RSC) की फेलोशिप दुनिया भर में रासायनिक विज्ञान के क्षेत्र में असाधारण योगदान देने वाले चुनिंदा वैज्ञानिकों को ही प्रदान की जाती है। प्रो. शशीधरा का इस प्रतिष्ठित फेलोशिप के लिए चुना जाना न केवल उनके करियर का मील का पत्थर है, बल्कि यह सीएसआईआर-सीडीआरआई द्वारा देश और दुनिया के लिए जीवनरक्षक दवाओं की खोज में किए जा रहे शोध कार्यों की अंतरराष्ट्रीय प्रासंगिकता को भी रेखांकित करता है।
ताज़ा खबरें सबसे पहले पाएं
WhatsApp Channel, Google News और सोशल मीडिया पर फॉलो करें




