रंगों की फुहार में झूमा डीपीएस सीतापुर, उत्साह और उमंग के साथ मनाई गई होली

सीतापुर। दिल्ली पब्लिक स्कूल सीतापुर में होली का पर्व हर्षोल्लास, ऊर्जा और रंगों की शानदार छटा के साथ मनाया गया। विद्यालय परिसर में बच्चों की खिलखिलाहट और रंग-बिरंगे गुलाल की फुहारों ने माहौल को पूरी तरह उत्सवमय बना दिया। छात्र-छात्राएं और समस्त स्टाफ एक-दूसरे को रंग लगाकर होली की शुभकामनाएँ देते नजर आए।


कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक होली गीतों और आनंदमय वातावरण के साथ हुई। बच्चों के चेहरों पर रंगों के साथ-साथ खुशियों की चमक भी साफ दिखाई दे रही थी। विद्यालय की पीवीसी तनुश्री मेहरोत्रा ने छात्रों को होली का महत्व बताते हुए कहा कि यह पर्व बुराई पर अच्छाई की जीत, सामाजिक समरसता और आपसी प्रेम का प्रतीक है। उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि होली हमें आपसी मतभेद भूलाकर एकजुट होकर खुशियाँ मनाने की प्रेरणा देती है।

प्रधानाचार्य आर. के. सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि होली ऋतु परिवर्तन का प्रतीक है, जो सर्दियों के अंत और बसंत ऋतु के आगमन का संदेश देती है। उन्होंने कहा कि यह त्यौहार जाति, धर्म और वर्ग की सीमाओं को मिटाकर एकता और भाईचारे का संदेश देता है। साथ ही उन्होंने सभी से अपील की कि होली सुरक्षित एवं पर्यावरण के अनुकूल तरीके से मनाएँ। केमिकल युक्त रंगों से त्वचा और आँखों को नुकसान हो सकता है, इसलिए हर्बल रंगों का ही प्रयोग करें।

विद्यालय में आयोजित होली मिलन समारोह ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। सभी ने मिलकर गुजिया, समोसा और सॉफ्ट ड्रिंक जैसे स्वादिष्ट व्यंजनों का आनंद लिया। अंत में प्रधानाचार्य ने शिक्षकों से गले मिलकर होली की शुभकामनाएँ दीं, जिससे वातावरण में आत्मीयता और सौहार्द की भावना और प्रगाढ़ हो गई।
पूरे आयोजन में शिक्षकों और शिक्षिकाओं का योगदान सराहनीय रहा। रंग, उमंग और आपसी प्रेम से सराबोर यह होली उत्सव विद्यार्थियों के लिए यादगार बन गया।




