KGMU शिक्षक संघ की आमसभा में उठी शिक्षकों की ग्रेच्यूटी, स्टडी लीव और नियुक्तियों की मांग
मांगे पूरी ना होने पर केजीएमयू शिक्षक संघ ने दी दीवाली के बाद आंदोलन की चेतावनी
LUCKNOW: किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) शिक्षक संघ की आमसभा की बैठक में 11 अक्टूबर 2025 को पूर्व निर्धारित एजेंडे पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक का मुख्य मुद्दा शिक्षकों को ग्रेच्यूटी और अर्जित अवकाश (Earned Leave Encashment) न मिलना रहा जबकि ये सुविधाएं एसजीपीजीआई (SGPGI) , डॉ. राम मनोहर लोहिया संस्थान (RMLIMS) और प्रदेश के अन्य चिकित्सा संस्थानों के शिक्षकों को पहले से दी जा रही हैं।
KGMU शिक्षकों की प्रमुख मांगें
केजीएमयू शिक्षक संघ के सचिव डॉ. संतोष कुमार ने बताया कि आमसभा में शिक्षकों (KGMU Teachers) ने कहा कि लंबे समय से ग्रेच्यूटी और अर्जित अवकाश के भुगतान को लेकर वे प्रशासन से गुहार लगा रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। शिक्षकों ने कहा कि नए शिक्षकों की नियुक्तियों में अनावश्यक देरी हो रही है जबकि पुराने चिकित्सक एक के बाद एक संस्थान छोड़ रहे हैं। इससे मरीजों के इलाज और चिकित्सा शिक्षा दोनों पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है।
सरकारी खर्चे पर मिले स्टडी की सुविधा
बैठक में यह भी मुद्दा उठा कि जो शिक्षक डीएम/एमसीएच (DM/MCH) या अन्य उच्च शिक्षा के लिए जाते हैं, उन्हें स्टडी लीव (Study Leave) नहीं मिलती, जिसके कारण उन्हें निजी खर्चे पर पढ़ाई करनी पड़ती है। शिक्षकों ने सुझाव दिया कि इन्हें पीएमएस अधिकारियों की तरह सरकारी खर्चे पर भेजा जाए और बांड प्रणाली के तहत वापस सेवा देने के लिए बाध्य किया जा सकता है।
आमसभा के निर्णय
आमसभा में सर्वसम्मति से निम्न प्रस्ताव पारित किए गए:
-
केजीएमयू (KGMU)में शिक्षकों की कमी को दूर करने के लिए त्वरित नियुक्तियां की जाएं।
-
शिक्षकों को ग्रेच्यूटी और अर्जित अवकाश का लाभ प्रदेश के अन्य चिकित्सा संस्थानों की भांति दिया जाए।
-
केजीएमयू परिनियमावली (Statutes) में लंबित संशोधनों को प्रभावी पैरवी करके यथाशीघ्र ठीक कराया जाए।
-
शिक्षकों की किसी एक ही बायोमेट्रिक मशीन पर उपस्थिति मान्य की जाए।
बैठक में संघ की कार्य समिति हेतु नए सदस्यों का चयन भी किया गया तथा संघ के बायलॉज में कुछ तकनीकी संशोधन पारित किए गए।
मांगे पूरी ना होने पर आंदोलन की चेतावनी
शिक्षकों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी वाजिब मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई, तो दीपावली के एक माह बाद फिर से आमसभा बुलाई जाएगी, जिसमें आंदोलन की रणनीति तय की जाएगी। बैठक का संचालन डा. संतोष कुमार, सचिव केजीएमयू शिक्षक संघ ने किया।
ताज़ा खबरें सबसे पहले पाएं
WhatsApp Channel, Google News और सोशल मीडिया पर फॉलो करें




