समृद्धि तिवारी बनीं अंडर-17 गर्ल्स शतरंज चैंपियन, सान्वी अग्रवाल उपविजेता

सीतापुर | दिल्ली पब्लिक स्कूल, सीतापुर में आयोजित यूपी स्टेट आयु वर्ग शतरंज चैंपियनशिप के अंतर्गत अंडर-17 गर्ल्स वर्ग का शानदार समापन हुआ। वाराणसी की प्रतिभाशाली खिलाड़ी समृद्धि तिवारी ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया।
फाइनल मुकाबले में समृद्धि तिवारी ने अपने ही शहर की खिलाड़ी विधि एंजेलिना को कारो-कान ओपनिंग में शानदार रणनीति के साथ पराजित किया। पूरे टूर्नामेंट के दौरान समृद्धि ने आक्रामक और सटीक खेल दिखाते हुए निर्णायक बढ़त बनाई।

लखनऊ की सान्वी अग्रवाल 4.5 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहीं। वहीं 4 अंकों के साथ विधि एंजेलिना को तीसरा स्थान प्राप्त हुआ। चौथे स्थान पर लखनऊ की पूर्णिका गुप्ता रहीं, जबकि गाजियाबाद की वृत्ति जैन 3.5 अंकों के साथ पांचवें स्थान पर रहीं।
टूर्नामेंट में शीर्ष दो स्थान प्राप्त करने वाली खिलाड़ी समृद्धि तिवारी और सान्वी अग्रवाल अब आगामी राष्ट्रीय शतरंज प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगी।
अंडर-13 ओपन वर्ग में शिवाय सिंह का दबदबा
अंडर-13 ओपन वर्ग में पांच राउंड के बाद प्रयागराज के शिवाय सिंह 5 अंकों के साथ शीर्ष स्थान पर बने हुए हैं।
दूसरे स्थान के लिए कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिल रही है, जहां प्रयागराज के सात्विक श्रीवास्तव और मथुरा के पर्व चौधरी 4.5-4.5 अंकों के साथ मजबूत स्थिति में हैं।
वहीं 4-4 अंकों के साथ गाजियाबाद के विवान वरण, खीरी के वर्धन गुप्ता, कुशीनगर के आरूष सिंह सैनी, लखनऊ के पार्थ गुप्ता और मेरठ के अर्णव त्यागी संयुक्त रूप से तीसरे स्थान की दौड़ में बने हुए हैं।
यह चैंपियनशिप प्रदेश के युवा शतरंज खिलाड़ियों के लिए एक बड़ा मंच बनकर उभरी है। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों की रणनीति, धैर्य और खेल कौशल ने दर्शकों को प्रभावित किया। आने वाले समय में ये खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर भी उत्तर प्रदेश का नाम रोशन करने की क्षमता रखते हैं।
ताज़ा खबरें सबसे पहले पाएं
WhatsApp Channel, Google News और सोशल मीडिया पर फॉलो करें




