World Cancer Day: कैंसर से जंग में IMA लखनऊ और CNS हॉस्पिटल एकजुट; विशेषज्ञों ने कहा- ‘जागरूकता ही बचाव’

लखनऊ: विश्व कैंसर दिवस (World Cancer Day) के मौके पर इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) लखनऊ और सी.एन.एस. (C.N.S.) हॉस्पिटल ने मिलकर “सामान्य कैंसरों पर जागरूकता” विषय पर एक विशेष पैनल चर्चा का आयोजन किया गया, जिसमें शहर के नामचीन चिकित्सकों ने हिस्सा लिया।
जागरूकता और समय पर इलाज है जरूरी
कार्यक्रम की शुरुआत आईएमए लखनऊ की सचिव डॉ. श्वेता श्रीवास्तव ने की। इसके बाद पैनल डिस्कशन में विशेषज्ञों ने कैंसर की समय पर पहचान (Early Detection), आधुनिक इलाज और जन-जागरूकता पर जोर दिया।
डॉ. नीरज टंडन ने उम्मीद की किरण जगाते हुए कहा, “अगर समय पर बीमारी पकड़ में आ जाए और सही इलाज मिले, तो आज कई तरह के कैंसर पूरी तरह ठीक किए जा सकते हैं।”
डॉ. सुदीप वी. के. गर्ग ने कैंसर के इलाज में सर्जरी और मल्टीडिसिप्लिनरी अप्रोच (Multidisciplinary Approach) की अहमियत समझाई।
डॉ. पंकज द्विवेदी ने युवाओं और आम लोगों से तंबाकू से पूरी तरह दूर रहने की अपील की, जो कैंसर का एक बड़ा कारण है।
डॉ. श्वेता श्रीवास्तव ने महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति सचेत रहने की सलाह दी। उन्होंने नियमित जांच (Regular Screening) को अनिवार्य बताया और जानकारी दी कि WHO द्वारा इस वर्ष की थीम ‘यूनाइटेड बाय यूनिक’ (United by Unique) रखी गई है।
दिग्गजों की रही मौजूदगी इस महत्वपूर्ण सत्र में आईएमए अध्यक्ष डॉ. मनोज अस्थाना बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए, जबकि वरिष्ठ न्यूरो सर्जन डॉ. अशोक निराला ने विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।
कार्यक्रम में डॉ. पी. के. गुप्ता, डॉ. अनिल त्रिपाठी, डॉ. सरस्वती, डॉ. राजीव सक्सेना, डॉ. सागर और डॉ. एस. सी. रावत सहित बड़ी संख्या में चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ और मेडिकल छात्र मौजूद रहे। आईएमए ने संदेश दिया कि केवल जागरूकता और सही समय पर कदम उठाकर ही कैंसर जैसी बीमारी को हराया जा सकता है।




