UP

यूपीटीईटी 2026: दो जुलाई से शुरू होगी परीक्षा, 19.94 लाख अभ्यर्थी होंगे शामिल, AI कैमरों से रखी जाएगी पैनी नजर

उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPESSC) द्वारा आयोजित शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपीटीईटी-2026) 2 जुलाई से शुरू होने जा रही है। यह परीक्षा 2 से 4 जुलाई 2026 तक प्रदेश के 60 जनपदों में आयोजित की जाएगी। इसके लिए 955 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इस बार परीक्षा में 19,94,661 पंजीकृत परीक्षार्थी हिस्सा लेंगे।

परीक्षा को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए कड़े इंतजाम किए गए हैं। आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशान्त कुमार ने बताया कि सभी केंद्रों पर आवश्यक तैयारियां पूरी हो चुकी हैं।

यूपीटीईटी 2026 परीक्षा का शेड्यूल

यह परीक्षा कुल पांच पालियों में संपन्न कराई जाएगी। इसका विस्तृत विवरण इस प्रकार है:

UPTET Schedule

एआई कैमरों से होगी निगरानी

नकलविहीन परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए तकनीक का भरपूर इस्तेमाल किया जा रहा है। सभी परीक्षा केंद्रों के महत्वपूर्ण हिस्सों को एआई (AI) सीसीटीवी कैमरों से लैस किया गया है। इन कैमरों को जिले के कंट्रोल रूम और प्रयागराज स्थित आयोग मुख्यालय के अत्याधुनिक इंटीग्रेटेड कंट्रोल कमांड रूम से सीधा जोड़ा गया है। कंट्रोल रूम से सभी केंद्रों की कनेक्टिविटी का सफल परीक्षण भी किया जा चुका है।

कड़े सुरक्षा प्रबंध और निषेधाज्ञा

परीक्षा केंद्रों के आसपास निषेधाज्ञा लागू रहेगी। आयोग ने हर जिले में एक-एक सेवानिवृत्त आईएएस या आईपीएस अधिकारी को प्रेक्षक के रूप में तैनात किया है। ये अधिकारी व्यवस्थाओं की समीक्षा कर चुके हैं।

जिलाधिकारी और पुलिस की टीमें केंद्रों पर लगातार गश्त करेंगी। संदिग्धों और असामाजिक तत्वों पर खुफिया एजेंसियों की सतर्क दृष्टि है। नकल कराने या शुचिता भंग करने वाले किसी भी व्यक्ति या संस्था के खिलाफ ‘उ.प्र. सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम-2024’ के तहत बेहद सख्त कार्रवाई की जाएगी।

अभ्यर्थियों के लिए अहम निर्देश

  • परीक्षा केंद्र के अंदर मोबाइल फोन या किसी भी प्रकार की इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित है।

  • अभ्यर्थी समय से केंद्र पर पहुंचें।

  • अपने प्रवेश पत्र पर दिए गए सभी निर्देशों का अक्षरशः पालन करें।

  • किसी भी अफवाह या बहकावे में न आएं।

  • सही और प्रामाणिक जानकारी के लिए केवल आयोग की आधिकारिक वेबसाइट (www.upessc.up.gov.in) और ‘X’ हैंडल (@upesscprayagraj) को ही चेक करें।

Sunil Yadav

संपादक, लेखक और अनुभवी पत्रकार हैं। वे दैनिक जागरण, आईनेक्‍स्‍ट, कैनविज टाइम्‍स और दैनिक जागरण आईनेक्‍स्‍ट से जुड़े रहे हैं। वह मुख्य रूप से उत्तर प्रदेश की राजनीति, प्रशासनिक ख़बरों, स्वास्थ्य सेवाओं, टेक्‍नोलॉजी से जुड़े विषयों पर लिखते हैं। ट्विटर (X) पर उनसे @sunilyadav21 पर जुड़ सकते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button