सेवानिवृत्त शिक्षिका ने पेश की मिसाल, सरकारी स्कूल के विकास के लिए दान किए 50 हजार रुपये

रायबरेली। विद्यालय की बेहतरी और बच्चों की मदद के लिए एक सेवानिवृत्त शिक्षिका ने नेक पहल की है। राही ब्लॉक से सेवानिवृत्त हुईं शिक्षिका रामा देवी ने प्राथमिक विद्यालय कोड़र जहानपुर को 50 हजार रुपये दान किए हैं। रविवार को उन्होंने विद्यालय की वर्तमान प्रधानाध्यापक विजय लक्ष्मी साहू को यह चेक सौंपा।
रामा देवी राही ब्लॉक के ही उच्च प्राथमिक विद्यालय सुलखियापुर से रिटायर हुई हैं। उन्होंने बताया कि प्राथमिक विद्यालय कोड़र जहानपुर में शिक्षा को लेकर लगातार सकारात्मक कार्य किए जा रहे हैं। शिक्षकों की मेहनत, बढ़ते नामांकन और व्हाट्सएप ग्रुप्स के जरिए स्कूल की प्रगति देखकर वह काफी प्रभावित हुईं। इसी से प्रेरित होकर उन्होंने अपनी ओर से विद्यालय को यह आर्थिक मदद दी है।
इसके साथ ही, रामा देवी ने भविष्य में समय निकालकर विद्यालय के बच्चों को मुफ्त में पढ़ाने का भी वादा किया है।
उनकी इस सकारात्मक पहल की शिक्षा विभाग में खूब तारीफ हो रही है। खण्ड शिक्षाधिकारी (बीईओ) बृजलाल वर्मा सहित ब्लॉक के तमाम शिक्षकों ने उनकी सराहना की। बीईओ बृजलाल वर्मा ने पूर्व प्रधानाध्यापक की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनकी यह सोच समाज के लिए एक आईना है। जो लोग भी सक्षम हैं, उन्हें आगे आकर शिक्षा के विकास में अपना योगदान जरूर देना चाहिए।
ताज़ा खबरें सबसे पहले पाएं
WhatsApp Channel, Google News और सोशल मीडिया पर फॉलो करें




