आदि कैलाश यात्रा मार्ग पर बनेगा 150 बेड का अस्पताल! सीमांत क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगी नई मजबूती

नोएडा में विशेष कार्यक्रम के दौरान सीमांत सेवा फाउंडेशन की पहल को विजय कौशल जी महाराज ने सराहा
नोएडा, उत्तराखंड के दुर्गम और सीमावर्ती पर्वतीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में सीमांत सेवा फाउंडेशन ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। फाउंडेशन ने पिथौरागढ़ के निकट आदि कैलाश यात्रा मार्ग पर 150 बिस्तरों वाले अस्पताल की स्थापना का प्रस्ताव रखा है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना को लेकर नोएडा स्थित यथार्थ अस्पताल में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में परम पूज्य श्री विजय कौशल जी महाराज ने फाउंडेशन की पहल की सराहना करते हुए कहा कि दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की समस्याओं को समझकर उनके समाधान के लिए निरंतर प्रयास करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सीमांत क्षेत्रों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के इस प्रयास को सेवा और जनकल्याण की दिशा में सराहनीय कदम बताया।
स्थानीय लोगों से लेकर श्रद्धालुओं और जवानों तक को मिलेगा लाभ
प्रस्तावित अस्पताल का उद्देश्य पिथौरागढ़ के दूरस्थ सीमावर्ती क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को उनके निकट ही बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना है। दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों और सीमित स्वास्थ्य सेवाओं के कारण इन क्षेत्रों के लोगों को उपचार के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है।
अस्पताल शुरू होने के बाद इसका लाभ स्थानीय ग्रामीणों के साथ-साथ आदि कैलाश यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं और सीमावर्ती क्षेत्रों में तैनात सुरक्षाकर्मियों को भी मिलने की उम्मीद है।
परियोजना के तहत आवश्यक चिकित्सकीय जांच, विशेषज्ञ चिकित्सकों की सलाह, उपचार तथा आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने की परिकल्पना की गई है।
“दूरस्थ क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना हमारा लक्ष्य”
सीमांत सेवा फाउंडेशन के सचिव डॉ. सिद्धार्थ पाटनी ने कहा कि फाउंडेशन का उद्देश्य सीमावर्ती और दुर्गम क्षेत्रों में रहने वाले लोगों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करना है। प्रस्तावित अस्पताल के माध्यम से स्थानीय समुदाय, श्रद्धालुओं और सुरक्षाकर्मियों को आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि भौगोलिक कठिनाइयों के कारण जिन लोगों को समय पर उपचार प्राप्त करने में परेशानी होती है, उनके लिए यह अस्पताल महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
विशेष कार्यक्रम में जुटे गणमान्य लोग
कार्यक्रम का आयोजन सीमांत सेवा फाउंडेशन की दिल्ली आयोजन समिति द्वारा किया गया। समिति में गौरव वार्ष्णेय, गीता रानी, विनीत सिंह और डॉ. भुवन पांडेय शामिल रहे। कार्यक्रम का संचालन अनुराग पुनेठा ने किया। इस अवसर पर यथार्थ अस्पताल, नोएडा के निदेशक कपिल त्यागी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
आदि कैलाश जैसे दुर्गम और सामरिक रूप से महत्वपूर्ण क्षेत्र में प्रस्तावित 150 बेड का अस्पताल न केवल स्थानीय आबादी के लिए स्वास्थ्य सुरक्षा का मजबूत आधार बन सकता है, बल्कि श्रद्धालुओं और सीमावर्ती क्षेत्रों में तैनात सुरक्षा बलों के लिए भी एक महत्वपूर्ण चिकित्सा केंद्र साबित हो सकता है।
ताज़ा खबरें सबसे पहले पाएं
WhatsApp Channel, Google News और सोशल मीडिया पर फॉलो करें



