शिवा शर्मा हत्याकांड: श्रद्धा दुबे पर 50 हजार का इनाम

लखनऊ। कारोबारी शिवा शर्मा हत्याकांड में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। मामले में श्रद्धा दुबे पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। वहीं, श्रद्धा दुबे समेत तीन फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। फरार आरोपियों में रश्मि दुबे और ड्राइवर दानिश भी शामिल हैं।
रविवार को सुल्तानगंज चौकी पर हत्याकांड की जांच के सिलसिले में अधिकारियों की मौजूदगी रही। डीसीपी सेंट्रल विक्रांत वीर ने चौकी से बाहर आकर मीडिया से बातचीत की। उन्होंने बताया कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार काम कर रही हैं। आरोपियों के संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। साथ ही तकनीकी निगरानी और मुखबिरों से मिलने वाली सूचनाओं के आधार पर उनकी तलाश की जा रही है।
डीसीपी के मुताबिक, हत्याकांड में आरोपियों पर घोषित इनाम की राशि बढ़ाने की प्रक्रिया भी चल रही है। पहले 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। श्रद्धा दुबे पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किए जाने की जानकारी सामने आई है। अन्य आरोपियों के संबंध में इनाम की राशि बढ़ाने की कार्रवाई पूरी होने के बाद आधिकारिक जानकारी दी जाएगी।
पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। हालांकि, हत्याकांड में तीनों आरोपियों के फरार रहने के कारण पुलिस की कार्रवाई पर सवाल भी उठ रहे हैं। अब पुलिस के सामने आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की चुनौती है।
ताज़ा खबरें सबसे पहले पाएं
WhatsApp Channel, Google News और सोशल मीडिया पर फॉलो करें




