दायीं ओर था दिल, डॉक्टरों ने बदला खराब माइट्रल वाल्व

लखनऊ। डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान (RMLIMS) के डॉक्टरों ने एक दुर्लभ शारीरिक स्थिति से जूझ रहे 39 वर्षीय युवक की जटिल हार्ट सर्जरी कर उसका खराब माइट्रल वाल्व बदल (Mitral Valve Replacement) दिया। इस मरीज का दिल सामान्य लोगों की तरह छाती के बाईं ओर नहीं, बल्कि दाईं तरफ था। ऐसी स्थिति में सर्जरी करना डॉक्टरों के लिए बड़ी चुनौती थी। इसके बावजूद विशेषज्ञों की टीम ने सफलतापूर्वक ऑपरेशन किया।
डॉक्टरों के मुताबिक, मरीज को डेक्स्ट्रोकार्डिया और साइटस सोलिटस नाम की दुर्लभ स्थिति थी। इसमें दिल छाती के दाईं ओर होता है, जबकि शरीर के बाकी आंतरिक अंग अपनी सामान्य स्थिति में रहते हैं। दिल की इस बदली हुई स्थिति के कारण सर्जरी के दौरान विशेष सावधानी और अलग तरीके से योजना बनाने की जरूरत पड़ती है।
कार्डियोथोरेसिक एवं वैस्कुलर सर्जरी विभाग के प्रो. डॉ. डीके श्रीवास्तव ने बताया कि श्रावस्ती निवासी 39 वर्षीय युवक सांस लेने में परेशानी की शिकायत लेकर अस्पताल आया था। जांच में उसके माइट्रल वाल्व में गंभीर खराबी पाई गई। डॉक्टरों के मुताबिक, वाल्व को बदलना ही उसके इलाज का विकल्प था। जांच के दौरान जब पता चला कि मरीज का दिल दाईं तरफ है तो सर्जरी की चुनौती और बढ़ गई। इसके बाद विशेषज्ञों की टीम ने दिल की असामान्य स्थिति को ध्यान में रखते हुए ऑपरेशन की योजना बनाई और सफलतापूर्वक माइट्रल वाल्व रिप्लेसमेंट किया।
ऑपरेशन के बाद मरीज को स्थिर हालत में आईसीयू में भर्ती किया गया है। डॉक्टरों की टीम उसकी लगातार निगरानी कर रही है।
इस टीम ने किया ऑपरेशन
ऑपरेशन का नेतृत्व कार्डियोथोरेसिक एवं वैस्कुलर सर्जरी विभाग के प्रो. डॉ. डीके श्रीवास्तव ने किया। सर्जिकल टीम में डॉ. तिरना मंडल, डॉ. विवेक कुंवर, डॉ. शरण्या रे, डॉ. जूही श्रीवास्तव और डॉ. शौर्य भटनागर शामिल रहे। एनेस्थीसिया की जिम्मेदारी डॉ. वीरेंद्र कुमार और डॉ. कपिल की टीम ने संभाली। नर्सिंग टीम से नेहा पॉल और कौस्तुभ तथा परफ्यूजन टीम से शैलेंद्र, प्रियंका और सोनाली ने सहयोग किया।
क्या है माइट्रल वाल्व रिप्लेसमेंट?
माइट्रल वाल्व हृदय (Heart) के बाईं ओर स्थित होता है। यह बाएं अलिंद (Left Atrium) और बाएं निलय (Left Ventricle) के बीच रक्त के प्रवाह को नियंत्रित करता है। इसका काम रक्त को सही दिशा में आगे बढ़ाना और उसे वापस लौटने से रोकना है। जब यह वाल्व सिकुड़ जाता है या ठीक से बंद नहीं होता, तो हृदय के कामकाज पर असर पड़ता है। ऐसी स्थिति में जरूरत पड़ने पर खराब वाल्व को हटाकर उसकी जगह कृत्रिम वाल्व लगाया जाता है। इसी प्रक्रिया को माइट्रल वाल्व रिप्लेसमेंट कहते हैं।
ताज़ा खबरें सबसे पहले पाएं
WhatsApp Channel, Google News और सोशल मीडिया पर फॉलो करें


