अयोध्या दीपोत्सव 2026 बना बड़े आयोजनों की मिसाल, 15 लाख पर्यटकों के बाद भी अगली सुबह साफ मिले घाट

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में हुए दीपोत्सव-2026 ने अयोध्या को एक बार फिर वैश्विक सांस्कृतिक मानचित्र पर खास पहचान दिलाई है। 36 लाख दीपों की आभा, 2100 ड्रोन के शो, देश-विदेश के कलाकारों की रामलीलाओं और लाखों श्रद्धालुओं की मौजूदगी के बीच इस बार सुरक्षा, स्वच्छता, यातायात और बाकी व्यवस्थाओं का तालमेल भी चर्चा में रहा, जिसे सरकार बड़े आयोजनों के लिए मिसाल बता रही है।
दीपोत्सव के सात दिनों में करीब 15 लाख पर्यटक रामनगरी पहुंचे। देश के कई राज्यों के साथ विदेशों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु आए और आयोजन खत्म होने के बाद भी अयोध्या में उनके आने का सिलसिला जारी है।
लाखों की भीड़ के बाद भी अगली सुबह साफ मिले घाट
दीपोत्सव की सबसे बड़ी उपलब्धियों में स्वच्छता रही। 36 लाख दीप जलने और देर रात तक घाटों पर लाखों लोगों की मौजूदगी के बावजूद अगली सुबह सभी घाट साफ-सुथरे दिखे। सफाई कर्मियों की तत्परता, नगर निगम की सक्रियता और प्रशासनिक समन्वय से इतने बड़े आयोजन में भी गंदगी या अव्यवस्था नजर नहीं आई।
अयोध्या के महापौर गिरीश पति त्रिपाठी ने बताया कि सड़कों पर युवाओं के समूह हनुमानगढ़ी और श्रीराम जन्मभूमि में दर्शन के लिए उमड़ते रहे, फिर भी शहर की सभी व्यवस्थाएं बनी रहीं। घाटों से प्रमुख मार्गों तक स्वच्छता और व्यवस्था का संतुलन कायम रहा।

20 जोन और 53 सेक्टर में बंटा अयोध्याधाम
सुरक्षा के लिए अयोध्याधाम क्षेत्र को 20 जोन और 53 सेक्टर में बांटकर व्यापक खाका तैयार किया गया था। प्रमुख कार्यक्रम स्थलों, मंदिरों, रामलीला स्थलों और श्रद्धालुओं की आवाजाही वाले इलाकों में पुलिसकर्मी तैनात किए गए, जिससे आयोजन निर्विघ्न संपन्न हुआ।
दस साल में परंपरा को मिला वैश्विक विस्तार
दस वर्षों की यात्रा में दीपोत्सव भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक चेतना के वैश्विक उत्सव के रूप में उभरा है। इस बार विदेशी रामलीलाओं के साथ अयोध्या की 151 वर्ष पुरानी रामलीला विरासत को भी मंच मिला। दक्षिण अफ्रीका से लेकर लाओस और श्रीलंका तक की प्रस्तुतियों ने रामकथा की वैश्विक स्वीकार्यता दिखाई, वहीं अर्जेंटीना, रूस और अमेरिका से आए लोगों की भागीदारी भी रही। आयोजन ने अयोध्या की स्थानीय परंपराओं और कलाकारों को भी अंतरराष्ट्रीय पहचान का मौका दिया।

यह भी पढ़ें
आस्था, अनुशासन और प्रशासनिक क्षमता का संगम
सरयू के घाटों पर लाखों दीपों की रोशनी के साथ सुरक्षा एजेंसियों, नगर निगम, सफाई कर्मियों और प्रशासनिक अमले के मिले-जुले प्रयासों ने आयोजन को व्यवस्थित रखा। सरकार का कहना है कि अयोध्या का दीपोत्सव अब सिर्फ दीप जलाने का पर्व नहीं, बल्कि भारत की सांस्कृतिक पहचान, सामूहिक भागीदारी, स्वच्छता और सुव्यवस्थित आयोजन क्षमता का प्रतीक बन गया है।
ताज़ा खबरें सबसे पहले पाएं
WhatsApp Channel, Google News और सोशल मीडिया पर फॉलो करें



