आर्थिक तंगी नहीं बनेगी सपनों की राह में रोड़ा, अभ्युदय योजना से 157 केंद्रों पर 19,856 युवाओं को मुफ्त कोचिंग

आर्थिक तंगी अब प्रतिभाशाली युवाओं के सपनों के आड़े नहीं आएगी। उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में चल रही मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना आर्थिक रूप से कमजोर मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की मुफ्त तैयारी का मौका दे रही है। समाज कल्याण विभाग की इस योजना के तहत प्रदेश के 157 केंद्रों पर इस समय 19,856 अभ्यर्थी अलग-अलग प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं।
निजी कोचिंग संस्थानों की महंगी फीस भरना हर परिवार के बस की बात नहीं होती। ऐसे में सरकार इस योजना के जरिए युवाओं को निःशुल्क गुणवत्तापूर्ण पढ़ाई और विशेषज्ञों का मार्गदर्शन उपलब्ध करा रही है।
यूपीएससी से लेकर नीट-जेईई तक की मुफ्त तैयारी
मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना में युवाओं को यूपीएससी, यूपीपीएससी, नीट, जेईई और एसएससी समेत कई प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जा रही है। अनुभवी शिक्षक विषयवार पढ़ाई कराते हैं और परीक्षा के पैटर्न के हिसाब से प्रशिक्षण देते हैं। इसका सबसे ज्यादा फायदा उन विद्यार्थियों को मिल रहा है, जो प्रतिभा और मेहनत के बावजूद पैसों की कमी के कारण निजी कोचिंग तक नहीं पहुंच पाते थे।
कानपुर के तीन केंद्रों से 15 अभ्यर्थियों का चयन
योजना के नतीजे भी अब दिखने लगे हैं। कानपुर में चल रहे तीन अभ्युदय केंद्रों से अब तक 15 अभ्यर्थियों का जेईई मेंस, यूपीपीसीएस लेक्चरर और जूनियर असिस्टेंट समेत विभिन्न परीक्षाओं में चयन हो चुका है। सीमित संसाधनों के बीच बड़े लक्ष्य का सपना देख रहे युवाओं के लिए ये सफलताएं प्रेरणा बन रही हैं।
यह भी पढ़ें
मकसद: कोई युवा सिर्फ पैसों की कमी से पीछे न रहे
समाज कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने कहा कि मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली युवाओं को अच्छा मार्गदर्शन देना है। सरकार की कोशिश है कि कोई भी युवा केवल आर्थिक अभाव के कारण अपने लक्ष्य से पीछे न रह जाए।
उन्होंने कहा कि इस पहल के जरिए प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को ज्यादा सुलभ बनाने और युवाओं को आत्मनिर्भर भविष्य की ओर बढ़ने का अवसर देने पर जोर दिया जा रहा है।
ताज़ा खबरें सबसे पहले पाएं
WhatsApp Channel, Google News और सोशल मीडिया पर फॉलो करें




