अयोध्या दीपोत्सव 2026: सात दिन में 15 लाख पर्यटक, होमस्टे सौ फीसदी बुक, संचालकों की बढ़ी कमाई

अयोध्या में दीपोत्सव-2026 की भव्यता ने इस बार रामनगरी के पर्यटन कारोबार को भी नई ऊंचाई दी है। 36 लाख दीपों से जगमगाई अयोध्या और 2100 ड्रोन्स का भव्य शो देखने के लिए देश-विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचे। श्रद्धालुओं की बढ़ती आमद का असर शहर के होटल और होमस्टे कारोबार पर साफ दिखाई दिया। खास बात यह रही कि पर्यटकों ने होटलों के साथ-साथ स्थानीय परिवारों के होमस्टे में ठहरने को भी प्राथमिकता दी, जिससे संचालकों की कमाई बढ़ी और कई परिवारों को अपने ही शहर में रोजगार के नए अवसर मिले।
सात दिन में 15 लाख पर्यटक, 10 लाख ने किए रामलला के दर्शन
दीपोत्सव के दौरान एक से सात नवंबर तक अयोध्या में करीब 15 लाख पर्यटक पहुंचे, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में आठ लाख से अधिक पर्यटक आए थे। रामलला के दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या भी पिछले वर्ष के पांच लाख से बढ़कर इस बार करीब 10 लाख हो गई। होमस्टे संचालकों के मुताबिक दीपोत्सव के दौरान कमरों की मांग सामान्य दिनों के मुकाबले काफी अधिक रही और कई पर्यटकों ने एक-दो दिन के बजाय ज्यादा समय तक रुकना पसंद किया।
होमस्टे संचालकों ने बताया अपना अनुभव
श्रीरामदूत निवास होमस्टे के संचालक वासुदेव मौर्य ने बताया कि दीपोत्सव के दौरान सामान्य दिनों की तुलना में कारोबार में करीब 120 से 130 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई और उनके यहां सभी कमरे बुक रहे। महाराष्ट्र से आए कई पर्यटकों ने अपना प्रवास भी बढ़ाया। घर का बना खाना, पारिवारिक माहौल और हनुमानगढ़ी के लड्डू मेहमानों को खूब पसंद आए। उन्होंने पर्यटकों को श्रीराम मंदिर, हनुमानगढ़ी, कनक भवन, गुप्तार घाट और सरयू आरती के बारे में भी जानकारी दी। प्रतिदिन 1000 से 1200 रुपये किराये पर कमरे मिलने के कारण पर्यटकों को होमस्टे किफायती विकल्प लगा।
कुसुम होमस्टे के संचालक अविनाश कुसुम ने बताया कि दीपोत्सव के दौरान उनके यहां रोजाना कमरे भरे रहे। परिवार के साथ आए पर्यटकों ने बाहर के खाने के बजाय घर में तैयार ताजा भोजन पसंद किया। छोटे बच्चों के लिए हल्का भोजन और गर्म पानी जैसी सुविधाओं से मेहमानों को काफी सहूलियत मिली। कई पर्यटकों ने कहा कि उन्हें यहां किसी रिश्तेदार के घर ठहरने जैसा अनुभव हुआ।
श्री शिवाय होमस्टे के संचालक प्रवीण मिश्रा के मुताबिक, उनके यहां कमरों की मांग इतनी अधिक रही कि शत-प्रतिशत बुकिंग के बाद भी पर्यटकों का आना बंद नहीं हुआ। गुजरात समेत कई राज्यों से आए पर्यटकों ने घरेलू माहौल और आतिथ्य की सराहना की। प्रवीण ने कहा कि दीपोत्सव में मिले अच्छे कारोबार से परिवार की आमदनी बढ़ी है और होमस्टे उनके लिए रोजगार का बेहतर माध्यम बनकर उभरा है।
महिलाओं और परिवारों के लिए आत्मनिर्भरता का जरिया
होमस्टे कारोबार महिलाओं को भी आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बना रहा है। पूनम होमस्टे की संचालक पूनम सोनकर ने बताया कि दीपोत्सव के दौरान उनके यहां 80 प्रतिशत कमरे बुक रहे और कई मेहमानों ने ठहराव बढ़ाया। उन्होंने पर्यटकों का स्वागत अयोध्या के प्रसिद्ध खुर्चन पेड़े से किया। पूनम के मुताबिक इस कारोबार का सबसे बड़ा फायदा यह रहा कि उनके बेटे ने राजस्थान के एक बड़े शहर में नौकरी का प्रस्ताव मिलने के बावजूद अयोध्या में रहकर परिवार के कारोबार से जुड़ने का फैसला किया। अब इस कारोबार से दो अन्य लोगों को भी रोजगार मिला है।
द रामा जंक्शन (बीएंडबी) की संचालक राजकुमारी तिवारी ने बताया कि पति के सेना से सेवानिवृत्त होने के बाद होमस्टे परिवार की आय का महत्वपूर्ण जरिया बना है। दीपोत्सव के दौरान उनके यहां सभी कमरे बुक रहे और केरल व तमिलनाडु से आए पर्यटकों ने यहां ठहराव किया। उन्होंने कहा कि इस कारोबार से उनके पति को सेवानिवृत्ति के बाद भी सक्रिय रहने का अवसर मिला है।
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि दीपोत्सव केवल आस्था और संस्कृति का पर्व नहीं, बल्कि स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और आजीविका के अवसर बढ़ाने का माध्यम भी बन रहा है। अयोध्या में होमस्टे के प्रति पर्यटकों का बढ़ता रुझान बताता है कि पर्यटन का लाभ अब स्थानीय परिवारों तक पहुंच रहा है। पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मार्थ कार्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अमृत अभिजात ने कहा कि होमस्टे तेजी से अयोध्या की पर्यटन व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा बन रहे हैं। इनके जरिए पर्यटकों को स्थानीय संस्कृति, खानपान और रहन-सहन को करीब से जानने का मौका मिलता है, वहीं स्थानीय परिवारों को आय बढ़ाने और रोजगार पैदा करने का अवसर मिल रहा है।
ताज़ा खबरें सबसे पहले पाएं
WhatsApp Channel, Google News और सोशल मीडिया पर फॉलो करें



