कारसेवकों की हत्या को जायज ठहराने पर शर्म नहीं आती? सनातन पांडेय पर बरसे भाजपा प्रवक्ता अंकुश त्रिपाठी

समाजवादी पार्टी के सांसद सनातन पांडेय के कारसेवकों पर गोली चलवाने की घटना को जायज ठहराने वाले बयान पर भाजपा प्रवक्ता डॉ. अंकुश त्रिपाठी ने तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि सैकड़ों निहत्थे कारसेवकों की हत्या को जायज ठहराकर सनातन पांडेय ने उन परिवारों और सनातन धर्म को मानने वाले हिंदुओं की भावनाएं आहत की हैं, जिन्होंने अयोध्या में भव्य राम मंदिर के लिए लंबी लड़ाई लड़ी। नाराजगी जताते हुए अंकुश त्रिपाठी ने यहां तक कह दिया कि आज से वे सनातन पांडेय का नाम औरंगजेब रखते हैं।
‘कारसेवकों की हत्या को जायज ठहराने पर शर्म नहीं आती?’
लखनऊ में मंगलवार, 10 नवंबर को जारी बयान में भाजपा प्रवक्ता ने सवाल किया कि कारसेवकों की हत्या को सही ठहराने वाले नेता को शर्म क्यों नहीं आती। उन्होंने कहा कि यह बयान निंदनीय है और हिंदू समाज इसे किसी भी हाल में स्वीकार नहीं करेगा। उनके मुताबिक इस बयान से सनातन पांडेय के अपने परिवार को भी शर्मिंदगी महसूस होगी।
‘अखिलेश की चाटुकारिता में इतना भी मत गिरिए’
अंकुश त्रिपाठी ने कहा कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव की चाटुकारिता में सनातन पांडेय इस हद तक गिर गए हैं कि अब सनातन को ही अपमानित कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा ने हमेशा हिंदू धर्म का अपमान किया है और चुनाव आते ही अखिलेश को खुश करने के लिए इस तरह की बयानबाजी शुरू हो जाती है।
सामाजिक बहिष्कार की अपील
भाजपा प्रवक्ता ने हिंदू समाज से सनातन पांडेय का सामाजिक बहिष्कार करने और उनका हुक्का-पानी बंद करने की अपील की। उन्होंने कहा कि समाज को ऐसे लोगों का विरोध करना चाहिए और वे जिस दरवाजे पर भी जाएं, वहां से उन्हें लौटा देना चाहिए।
सपा पर लगातार हमलावर भाजपा
गौरतलब है कि सनातन पांडेय के इसी बयान को लेकर भाजपा नेता लगातार सपा पर निशाना साध रहे हैं। इससे पहले भाजपा एमएलसी सुभाष यदुवंश ने भी अखिलेश यादव पर पलटवार करते हुए सपा नेताओं के ऐसे बयानों पर उनकी चुप्पी पर सवाल उठाया था। पढ़ें: कारसेवकों पर गोली चलवाने वाले कर रहे सनातन की बात, सुभाष यदुवंश का अखिलेश पर पलटवार
ताज़ा खबरें सबसे पहले पाएं
WhatsApp Channel, Google News और सोशल मीडिया पर फॉलो करें




