गोरखनाथ मंदिर में ‘एक दीया शहीदों के नाम’, सीएम योगी ने जलाया पहला दीप, 11 हजार दीपों से जगमगाया परिसर

गोरखपुर। दीपावली के अगले दिन सोमवार की शाम गोरखनाथ मंदिर परिसर शहीदों की याद में रोशनी से नहा उठा। मंदिर परिसर के भीम सरोवर क्षेत्र में आयोजित एक दीया शहीदों के नाम कार्यक्रम में पहला दीया मुख्यमंत्री एवं गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ ने जलाया। इसके बाद उन्होंने शहीदों के चित्र पर पुष्पार्चन कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
11 हजार दीपों से जगमगाया मंदिर परिसर
कार्यक्रम की शुरुआत होते ही पूरा मंदिर परिसर 11,000 दीपों की आभा से जगमगा उठा। यह आयोजन भोजपुरी एसोसिएशन ऑफ इंडिया (भाई) की ओर से किया गया था।
देशभक्ति गीतों और नृत्य ने भरा जोश
मंदिर परिसर के मुक्ताकाशी मंच (ओपन एयर थिएटर) पर देशभक्ति और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद पर केंद्रित गीतों और नृत्य की प्रस्तुतियां हुईं। इन प्रस्तुतियों के दौरान मुख्यमंत्री भावुक नजर आए और उन्होंने कलाकारों का उत्साह बढ़ाया।
मुख्यमंत्री को भेंट किया स्मृति चिन्ह
कार्यक्रम संयोजक और भोजपुरी एसोसिएशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष, लोक गायक राकेश श्रीवास्तव और उनकी टीम ने मुख्यमंत्री को स्मृति चिन्ह भेंट किया। इस मौके पर महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, विधायक फतेह बहादुर सिंह, विपिन सिंह, प्रदीप शुक्ल, काशी से आए जगद्गुरु संतोष दास उर्फ सतुआ बाबा और कालीबाड़ी के महंत रविंद्रदास समेत कई लोग मौजूद रहे।
ताज़ा खबरें सबसे पहले पाएं
WhatsApp Channel, Google News और सोशल मीडिया पर फॉलो करें




