UP

लखनऊ बस हादसा: आगरा एक्सप्रेसवे पर छठ यात्रियों की बस खाई में पलटी, 3 की मौत

लखनऊ। छठ पर्व मनाने बिहार लौट रहे यात्रियों से भरी एक निजी बस सोमवार सुबह आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के जीरो पॉइंट पर अनियंत्रित होकर करीब 40 फीट गहरी खाई में पलट गई। लखनऊ बस हादसा में जिलाधिकारी विशाक ने तीन लोगों की मौत की पुष्टि की है। करीब 45 घायलों को अस्पताल भेजा गया है, जिनमें कई बच्चों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

हादसा पारा थाना क्षेत्र में मोहन जीरो पॉइंट के पास हुआ। यह जगह जिला मुख्यालय से करीब 30 किलोमीटर दूर है। बस राजस्थान के भिवाड़ी से बिहार के सिवान क्षेत्र की ओर जा रही थी। यात्री छठ पूजा के लिए घर लौट रहे थे।

डीएम बोले- तीन की मौत, 45 घायल

जिलाधिकारी विशाक ने कहा कि सूचना मिलते ही पुलिस और संबंधित एजेंसियां मौके पर पहुंच गईं। बस में करीब 50 यात्री सवार थे। करीब 45 घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है। कुछ की हालत गंभीर है। तीन लोगों की मृत्यु हो गई है। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को सूचित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

उपमुख्यमंत्री तथा स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने बताया कि तीन घायलों को अस्पताल में मृत घोषित किया गया। इनमें से दो लोकबंधु अस्पताल और एक केजीएमयू में। लोकबंधु में 31 और केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर में 13 घायल भर्ती बताए गए। शुरुआती सूचनाओं में घायलों के आंकड़े अपडेट होते रहे हैं।

रेस्क्यू में एसडीआरएफ, फायर और जेसीबी

चीफ फायर ऑफिसर अंकुश मित्तल के अनुसार बस नंबर BR-28-P-4332 है। आलमबाग से फायर टेंडर, सरोजनीनगर से रेस्क्यू वाहन और हजरतगंज से मल्टी डिजास्टर रेस्क्यू व्हीकल मौके पर भेजा गया। एसडीआरएफ कमांडेंट श्याम नारायण सिंह अपनी टीम के साथ रेस्क्यू में जुटे।

एसडीआरएफ की दो टीमें और 50 से ज्यादा पुलिसकर्मी मौके पर थे। दरवाजे जाम होने के बाद शीशे तोड़कर यात्रियों को बाहर निकाला गया। मलबा हटाने के लिए जेसीबी भी लगाई गई।

टायर फटने की आशंका, चालक पर आरोप

शुरुआती जांच में टायर फटना हादसे का संभावित कारण बताया जा रहा है। वहीं कुछ यात्रियों का आरोप है कि चालक नशे में था। प्रशासनिक जांच अभी जारी है। आधिकारिक तौर पर कारण की पुष्टि नहीं हुई है।

फायर ब्रिगेड की जानकारी के अनुसार बस के मालिक गोपालगंज निवासी टुनटुन शाह बताए गए हैं। भिवाड़ी से सिवान करीब एक हजार किलोमीटर का सफर है। यात्रियों ने बताया कि प्रति व्यक्ति करीब 4800 रुपये किराया लिया गया था।

सीएम ने राहत में तेजी के निर्देश दिए

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने प्रभावित परिवारों से संवाद कर हर संभव मदद उपलब्ध कराने को कहा है और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। मुआवजे की कोई आधिकारिक घोषणा अभी सामने नहीं आई है।

पारा थाना पुलिस घटनास्थल पर तैनात है। एक्सप्रेसवे के नीचे कुछ समय यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में सुचारू करवाया गया। घायलों का इलाज लोकबंधु और केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर में जारी है। मृतकों की पहचान और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार है।

WhatsApp Channel, Google News और सोशल मीडिया पर फॉलो करें

Sunil Yadav

संपादक, और अनुभवी पत्रकार हैं। वे दैनिक जागरण, आईनेक्‍स्‍ट, कैनविज टाइम्‍स और दैनिक जागरण आईनेक्‍स्‍ट से जुड़े रहे हैं। वह मुख्य रूप से उत्तर प्रदेश की राजनीति, प्रशासनिक ख़बरों, स्वास्थ्य सेवाओं, टेक्‍नोलॉजी से जुड़े विषयों पर लिखते हैं। ट्विटर (X) पर उनसे @sunilyadav21 पर जुड़ सकते हैं।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button