UP

गोरखनाथ मंदिर में सीएम योगी की गोवर्धन पूजा, कहा- हर हाल में करनी है गाय की रक्षा

गोरखपुर। दीपावली के पंच दिवसीय महापर्व की श्रृंखला में गोवर्धन पूजा के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार प्रातः गोरखनाथ मंदिर की गोशाला में विधि-विधान से गोवर्धन पूजा की। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच गोपूजन के बाद उन्होंने गायों और गोवंश को अपने हाथों से गुड़-केला खिलाया और प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हर हाल में गाय की रक्षा करनी है।

दीपावली के दिन से गोरखपुर प्रवास पर मौजूद मुख्यमंत्री ने गोशाला में पूजन की प्रक्रिया पूरी की। गायों को माला पहनाई, तिलक लगाया और गोमाता का आशीर्वाद लेकर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान वे कई गायों को नाम लेकर पुकारते रहे और उन्हें दुलार भी किया।

गोरखनाथ मंदिर गोशाला में गोसेवा करते मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

गोसंरक्षण की तीन योजनाएं

गोवर्धन पूजा के बाद मीडिया से बातचीत में सीएम योगी ने कहा कि गौ महत्ता की परंपरा निभाने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार 7,700 से अधिक गोशालाओं के माध्यम से निराश्रित गोवंश का संरक्षण कर रही है। इन गोशालाओं में 16 लाख से अधिक निराश्रित गोवंश रह रहे हैं।

उन्होंने बताया कि गोसंरक्षण-गोसंवर्धन के लिए तीन प्रकार की योजनाएं चल रही हैं। पहली, सरकार संचालित निराश्रित गोआश्रय स्थल। दूसरी, सहभागिता स्कीम, जिसमें किसान निराश्रित गोआश्रय से गाय लेकर देखभाल करे तो प्रति गाय प्रति माह 1,500 रुपये मिलते हैं। एक किसान को चार गाय तक अनुमति है, यानी हर माह 6,000 रुपये तक अतिरिक्त आय। तीसरी योजना में कुपोषित परिवार को ब्याई हुई गाय दी जाती है और प्रति गाय 1,500 रुपये मासिक भी दिए जाते हैं।

गोवर्धन पूजा पर गोशाला में गाय को केला खिलाते मुख्यमंत्री योगी

गाय सड़कों पर न हो, यही ध्येय

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का एक ही ध्येय है कि गाय सड़कों पर न हो और किसानों की फसल को नुकसान न पहुंचाए। सुरक्षित जगह पर सम्मानजनक देखभाल हो। ग्रामीण क्षेत्रों में गोआश्रय पशुपालन विभाग चलाता है, जबकि नगरीय क्षेत्रों में कान्हा उपवन के रूप में नगर विकास विभाग संचालित करता है।

सीएम योगी ने कहा कि कृषि और ऋषि प्रधान भारत की आत्मा गाय है। धर्म, अर्थ, काम और मोक्ष—चारों पुरुषार्थों का महत्वपूर्ण साधन गोसेवा ही है। जहां गाय-गोवंश के संरक्षण के ईमानदार प्रयास होंगे, वहां सुख-समृद्धि अपने आप आएगी। उन्होंने नस्ल सुधार की दिशा में आगे बढ़ते हुए हर पशुपालक को समृद्धि के पथ पर अग्रसर करने की बात भी कही।

गो ग्रास की परंपरा का आह्वान

गोवर्धन पूजा के उपलक्ष्य में मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से भारतीय परंपरा का अनुसरण करने को कहा। उन्होंने याद दिलाया कि परंपरा में पहला ग्रास गाय का और अंतिम ग्रास श्वान का होता है। जो नागरिक गाय नहीं पाल सकते, वे धर्मार्थ गोशालाओं में सहयोग कर गोसेवा कर सकते हैं। सीएम के अनुसार गोसेवा से गोसेवक के घर में सुख और समृद्धि आएगी।

WhatsApp Channel, Google News और सोशल मीडिया पर फॉलो करें

Sunil Yadav

संपादक, और अनुभवी पत्रकार हैं। वे दैनिक जागरण, आईनेक्‍स्‍ट, कैनविज टाइम्‍स और दैनिक जागरण आईनेक्‍स्‍ट से जुड़े रहे हैं। वह मुख्य रूप से उत्तर प्रदेश की राजनीति, प्रशासनिक ख़बरों, स्वास्थ्य सेवाओं, टेक्‍नोलॉजी से जुड़े विषयों पर लिखते हैं। ट्विटर (X) पर उनसे @sunilyadav21 पर जुड़ सकते हैं।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button