दीवाली की ईद से तुलना पर खड़गे पर बरसे बृजलाल, कहा- तुष्टीकरण की राजनीति में इतना मत गिरिए

लखनऊ। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की ओर से दीवाली की तुलना ईद से किए जाने पर भाजपा सांसद और उत्तर प्रदेश के पूर्व डीजीपी बृजलाल ने उन पर तीखा हमला बोला है। बृजलाल ने कहा कि दीवाली हिंदुओं की आस्था और सनातन परंपरा का महापर्व है, और इसकी ईद से तुलना करके खड़गे ने सनातनियों का अपमान किया है। उन्होंने खड़गे से कहा, “तुष्टीकरण की राजनीति में इतना मत गिरिए।” बृजलाल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस की राजनीति तुष्टीकरण पर टिकी है।
बृजलाल ने उठाया 1948 की घटना का मुद्दा
बृजलाल ने खड़गे के परिवार के साथ 1948 में हुई घटना का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि कर्नाटक के वरवट्टी गांव में निजाम के रजाकारों ने खड़गे का घर जला दिया था, जिसमें उनकी मां, बहन और परिवार के अन्य सदस्यों की हत्या कर दी गई थी। उनके पिता मपन्ना खड़गे किसी तरह उन्हें बचाकर गांव से बाहर ले गए थे। बृजलाल ने सवाल किया कि क्या खड़गे राहुल गांधी और सोनिया गांधी की नाराजगी के डर से रजाकारों का नाम लेने से बचते हैं।
‘आतंकियों पर क्यों चुप हैं खड़गे?’
पूर्व डीजीपी ने इंडियन मुजाहिदीन के संस्थापक रियाज और इकबाल भटकल का नाम लेते हुए कहा कि इस आतंकी संगठन के पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई और लश्कर-ए-तैयबा से संबंध हैं। उन्होंने कहा कि ये आतंकी खड़गे के गृह राज्य से ही हैं, लेकिन इन मामलों पर वह कुछ नहीं बोलते। बृजलाल के मुताबिक यह संगठन देश में कई आतंकी धमाकों में शामिल रहा, जिनमें 1000 से ज्यादा भारतीयों की जान गई। उन्होंने यह भी कहा कि यासीन भटकल को एक मामले में फांसी की सजा सुनाई जा चुकी है।
ताज़ा खबरें सबसे पहले पाएं
WhatsApp Channel, Google News और सोशल मीडिया पर फॉलो करें




