अर्द्धवार्षिक परीक्षा से पहले 16 नवंबर को प्रदेशभर में शिक्षक संकुल बैठकें, निपुण लक्ष्य और HPC पर होगा मंथन

उत्तर प्रदेश के परिषदीय विद्यालयों में अर्द्धवार्षिक परीक्षा से पहले बच्चों के सीखने के स्तर को मजबूत करने के लिए 16 नवंबर को प्रदेशभर में शिक्षक संकुल बैठकें होंगी। शैक्षिक सत्र 2026-27 की अर्द्धवार्षिक परीक्षाओं की तैयारी को देखते हुए ये बैठकें दोपहर 1 बजे से 3 बजे तक विद्यालय समय में ही आयोजित की जाएंगी।
महानिदेशक, स्कूल शिक्षा मोनिका रानी के निर्देश पर होने वाली इन बैठकों में शिक्षक अपने अनुभव, नवाचार और कारगर शिक्षण तरीके एक-दूसरे से साझा करेंगे। प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्तर के शिक्षकों के लिए अलग-अलग एजेंडा तय किया गया है, ताकि दोनों स्तरों की जरूरतों के हिसाब से चर्चा हो सके।
नवाचार और सफल प्रयासों को मिलेगा साझा मंच
बैठकों में विद्यालयों में चल रहे गुणवत्तापूर्ण शिक्षण प्रयासों और बच्चों के सर्वांगीण विकास से जुड़े अनुभवों पर बात होगी। क्रियाशील बालवाटिका, उच्च स्तरीय चिंतन कौशल (HOTS), समस्या समाधान और आलोचनात्मक सोच विकसित करने पर खास चर्चा होगी। प्रोजेक्ट बेस्ड लर्निंग (PBL), पीयर लर्निंग और समूह गतिविधियों से बच्चों की रुचि और भागीदारी बढ़ाने के उपायों के साथ डिजिटल संसाधनों के बेहतर इस्तेमाल पर भी मंथन किया जाएगा।
17 से 21 नवंबर तक प्रस्तावित हैं अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं
17 से 21 नवंबर तक प्रस्तावित अर्द्धवार्षिक परीक्षाओं को देखते हुए पाठ्यक्रम की प्रगति और पूर्णता की समीक्षा होगी। परीक्षा से पहले महत्वपूर्ण बिंदुओं की पहचान, प्रश्नों के अभ्यास और पुनरावर्तन पर चर्चा के साथ समय से पाठ्यक्रम पूरा करने की रणनीति पर भी विचार किया जाएगा। प्रथम यूनिट टेस्ट के बाद हर विद्यार्थी का होलिस्टिक प्रोग्रेस कार्ड (HPC) भरने और अर्द्धवार्षिक परीक्षा के बाद उसमें प्रविष्टियां अद्यतन करने पर भी जोर रहेगा।
निपुण लक्ष्य, यू-डायस प्लस और प्रेरणा पोर्टल पर फोकस
बैठकों में निपुण लक्ष्य ऐप और निपुण तालिका के प्रभावी उपयोग पर चर्चा होगी, ताकि बच्चों के अधिगम स्तर के हिसाब से पढ़ाने की रणनीति चुनी जा सके। यू-डायस प्लस पोर्टल पर विद्यालय, विद्यार्थी और शिक्षक प्रोफाइल के आंकड़ों के अद्यतन और उसमें आने वाली दिक्कतों पर बात होगी। प्रेरणा पोर्टल पर खेलकूद गतिविधियों की जानकारी समय पर और सही दर्ज करने की भी समीक्षा की जाएगी।
यह भी पढ़ें
प्रार्थना सभा से शिक्षक संकल्प तक तय एजेंडा
विद्यालयों की प्रार्थना सभा भी एजेंडे में है। पहले साझा की गई 13 प्रार्थनाओं और प्रेरणा गीतों के नियमित, क्रमवार और समूहवार रोटेशन से आयोजन पर चर्चा होगी, जिससे विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी बढ़े।
बैठक के आखिरी चरण में शिक्षकों की जिज्ञासाओं का समाधान, अगले महीने की शैक्षिक प्राथमिकताओं और कार्ययोजना का निर्धारण होगा और ‘आज क्या नया सीखा?’ गतिविधि के जरिए अनुभव साझा किए जाएंगे। बैठक हर विद्यालय को निपुण विद्यालय या ग्रेड-कम्पोजिट विद्यालय बनाने के संकल्प के साथ खत्म होगी।
ताज़ा खबरें सबसे पहले पाएं
WhatsApp Channel, Google News और सोशल मीडिया पर फॉलो करें



