
सीतापुर: दिल्ली पब्लिक स्कूल, सीतापुर में आयोजित यू.पी. स्टेट आयु वर्ग शतरंज चैंपियनशिप में शुक्रवार को अंडर-11 गर्ल्स एवं अंडर-15 ओपन वर्ग की प्रतियोगिताओं का शानदार आगाज़ हुआ। प्रदेशभर से आए प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने बेहतरीन चालों और रणनीति से मुकाबलों को रोमांचक बना दिया।
अंडर-11 गर्ल्स वर्ग में संस्कृति यादव और दिआरा अग्रवाल का दबदबा
अंडर-11 गर्ल्स वर्ग में आज तीन चक्रों की बाजियां खेली गईं। तीनों मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रयागराज की संस्कृति यादव और लखनऊ की दिआरा अग्रवाल ने 3-3 अंकों के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष स्थान हासिल किया।
वहीं वाराणसी की परीक्षिता दुबे, गोरखपुर की दीपांजली श्रीवास्तव तथा प्रयागराज की अनुप्रिया यादव 2.5-2.5 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर बनी हुई हैं।
इसके अलावा वेदांशी, याशिका, निहिरा, अनिका, इनाया मीरा, गौरी, अंशी, इशिता और इदिका ने 2-2 अंक अर्जित कर संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर अपनी मजबूत दावेदारी पेश की।
अंडर-15 ओपन वर्ग में खिलाड़ियों के बीच कांटे की टक्कर
अंडर-15 ओपन वर्ग में आज दो चक्रों के मुकाबले खेले गए, जिसमें शीर्ष खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की।
अयान त्रिखा, शिवाय सिंह, विवान वरुण, पर्व चौधरी, आदित्य गुप्ता, अंशुमान, रूद्र श्रीवास्तव, याकूब हुसैन, तनिष कुमार, आरव अभिषेक, उमंग और पार्थ गुप्ता ने 2-2 अंक हासिल कर संयुक्त रूप से शीर्ष स्थान पर कब्जा जमाया।
वहीं रक्शित, दिव्या मोहन, विवान गर्ग, अयान सिंह, सहर्ष, अर्जुन, स्पर्श, जयंत राम और रिशांत श्रीवास्तव वर्मा 1.5-1.5 अंकों के साथ संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर चल रहे हैं।
प्रतियोगिता के आगामी चक्रों को लेकर खिलाड़ियों और अभिभावकों में उत्साह देखने को मिल रहा है। शानदार आयोजन और प्रतिस्पर्धात्मक मुकाबलों ने शतरंज प्रेमियों का ध्यान आकर्षित किया है।




