वॉयजर 1 ने रचा इतिहास: पृथ्वी से एक प्रकाश-दिवस दूर पहुंचने वाला पहला यान बना, अब संदेश पहुंचने में लगेगा पूरा एक दिन

अंतरिक्ष विज्ञान के इतिहास में एक और अनोखा पड़ाव जुड़ गया है। अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा का वॉयजर 1 यान पृथ्वी से एक प्रकाश-दिवस (वन लाइट-डे) की दूरी तक पहुंच गया है। इंसान का बनाया कोई भी यान आज तक इतनी दूर नहीं गया। नासा के मुताबिक, वॉयजर 1 ने यह पड़ाव 18 नवंबर 2026 को अमेरिकी पूर्वी समय के अनुसार सुबह 5:16:07 बजे, यानी भारतीय समय के अनुसार दोपहर करीब 3:46 बजे पार किया।
एक प्रकाश-दिवस वह दूरी है, जो प्रकाश 24 घंटे में तय करता है। नासा के अनुसार यह दूरी करीब 2,590 करोड़ किलोमीटर बैठती है। यानी अब पृथ्वी से भेजा गया कोई रेडियो संदेश वॉयजर 1 तक पहुंचने में पूरा एक दिन लेगा और उसका जवाब लौटने में एक दिन और लगेगा।
वॉयजर 1 एक प्रकाश-दिवस दूर: 49 साल का सफर
वॉयजर 1 को 5 सितंबर 1977 को लॉन्च किया गया था। एक प्रकाश-दिवस की दूरी तक पहुंचने में इसे 49 साल, दो महीने और 11 दिन लगे। यह यान करीब 61,000 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आगे बढ़ रहा है। सुनने में यह रफ्तार बहुत ज्यादा लगती है, लेकिन प्रकाश की गति के सामने यह बेहद धीमी है।
नासा की सोलर सिस्टम टीम ने एक्स पर इस उपलब्धि की जानकारी दी:
Nov. 18, 2026, 5:16am EST
The Voyager 1 spacecraft has reached a distance of one light-day from Earth.
— NASA Solar System (@NASASolarSystem) November 18, 2026
दूरी का अंदाजा इससे लगाइए कि चांद तक प्रकाश करीब 1.3 सेकंड में पहुंच जाता है और सूरज की रोशनी पृथ्वी तक लगभग 8 मिनट 20 सेकंड में आती है। वहीं वॉयजर 1 तक सिग्नल पहुंचने में अब पूरे 24 घंटे लग रहे हैं।
सौरमंडल से बाहर पहुंचने वाला पहला यान
वॉयजर 1 और उसका जुड़वां यान वॉयजर 2 नासा की जेट प्रोपल्शन लेबोरेटरी (जेपीएल) की देखरेख में चल रहे हैं। दोनों यानों ने बृहस्पति और शनि ग्रह से जुड़ी कई ऐतिहासिक खोजें कीं। वॉयजर 1 अगस्त 2012 में सूरज के चुंबकीय प्रभाव वाले क्षेत्र से बाहर निकलकर अंतरतारकीय अंतरिक्ष (इंटरस्टेलर स्पेस) में पहुंचने वाला पहला यान बना था। दोनों यान अब भी इस इलाके से वैज्ञानिक आंकड़े धरती पर भेज रहे हैं।
वॉयजर 1 ने ही 1990 में मशहूर ‘पेल ब्लू डॉट’ तस्वीर खींची थी, जिसमें दूर से पृथ्वी एक छोटे से नीले बिंदु जैसी दिखती है। यह तस्वीर यान के कैमरे बंद किए जाने से महज 34 मिनट पहले ली गई थी। दोनों यानों पर एक ‘गोल्डन रिकॉर्ड’ भी लगा है, जिसमें पृथ्वी की आवाजें और तस्वीरें दर्ज हैं।
आगे कहां जा रहा है वॉयजर 1
नासा के मुताबिक वॉयजर 1 उर्सा माइनर तारामंडल में मौजूद एसी +79 3888 (ग्लीज 445) नाम के तारे की दिशा में बढ़ रहा है, जो पृथ्वी से 17 प्रकाश-वर्ष से ज्यादा दूर है। करीब 40,000 साल बाद यह यान उस तारे से लगभग 1.7 प्रकाश-वर्ष की दूरी से गुजरेगा। वहीं वॉयजर 2 के नवंबर 2035 में एक प्रकाश-दिवस की दूरी तक पहुंचने का अनुमान है।
दुनियाभर में मना जश्न
इस मौके को खास बनाने के लिए नासा ने 17 नवंबर को ‘शाइन ब्राइट फॉर वॉयजर्स लाइट-डे’ अभियान चलाया, जिसमें दुनियाभर के लोगों से सूर्यास्त के बाद फोन और टॉर्च की रोशनी से वॉयजर का कॉल साइन ‘VGR’ मोर्स कोड में चमकाने की अपील की गई। न्यूयॉर्क की एम्पायर स्टेट बिल्डिंग को भी सुनहरी रोशनी से सजाया गया।
नासा की जेपीएल 19 नवंबर को अमेरिकी पूर्वी समय के अनुसार दोपहर 12 बजे (भारतीय समय रात 10:30 बजे) मिशन से जुड़े वैज्ञानिकों और नासा नेतृत्व के साथ एक चर्चा आयोजित करेगी। इसमें दोनों यानों की मौजूदा स्थिति और इतने लंबे समय तक उन्हें चालू रखने की चुनौतियों पर बात होगी। साथ ही, मिशन के 50 साल पूरे होने पर 2027 में आने वाली नासा+ की वॉयजर डॉक्यूमेंट्री की झलक भी दिखाई जाएगी।
ताज़ा खबरें सबसे पहले पाएं
WhatsApp Channel, Google News और सोशल मीडिया पर फॉलो करें




