Health

KGMU में रैगिंग पर बड़ा एक्शन: 38 MBBS छात्र 3 महीने के लिए निलंबित, 25-25 हजार का जुर्माना और हॉस्टल से बाहर

लखनऊ। किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) प्रशासन ने परिसर में रैगिंग के मामले को लेकर बेहद सख्त कदम उठाया है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने जांच में दोषी पाए गए एमबीबीएस (MBBS) के 38 छात्रों के खिलाफ कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें तीन महीने के लिए क्‍लासेज से सस्‍पेंड कर दिया है। इसके साथ ही प्रत्येक छात्र पर 25 हजार रुपये का आर्थिक जुर्माना लगाया गया है और उनका हॉस्टल आवंटन भी रद्द कर दिया गया है।

डीन (एकेडमिक्स) प्रो. वीरेंद्र आतम ने एंटी-रैगिंग कमेटी की सिफारिशों और कुलपति की मंजूरी के बाद यह कार्यवाई की है। कार्रवाई की जद में आए कुल 38 छात्रों में एमबीबीएस बैच 2025 के 36 छात्र और बैच 2026 के 2 छात्र शामिल हैं।

दोषी छात्रों पर 4 स्तरों पर गिरी गाज

विश्वविद्यालय द्वारा जारी आदेश (पत्रांक: Dean-Academics/KGMU/2026/474) के तहत चिह्नित सभी 38 छात्रों पर निम्नलिखित प्रतिबंध और दंड लगाए गए हैं:

क्‍लासेज से सस्‍पेंशन: सभी संबंधित छात्रों को तीन (03) महीने की अवधि के लिए कक्षाओं और सभी शैक्षणिक सुविधाओं से निलंबित कर दिया गया है।

हॉस्टल आवंटन कै‍ंंसिल: इन मेडिकोज के हॉस्टल के कमरों का आवंटन तीन (03) महीने के लिए कैंसिल कर दिया गया है। मतलब अगले तीन महीने तक ये हॉस्‍टल में भी नहीं रह सकेंगे। 

भारी आर्थिक जुर्माना: इन सभी दोषी दोषी मेडिकोज पर ₹25,000 का जुर्माना लगाया गया है (कुल 38 छात्रों पर 9.50 लाख रुपये का जुर्माना)।

स्‍कालरशिप पर रोक: इन सभी संबंधित छात्रों को मिलने वाले स्कॉलरशिप (छात्रवृत्ति) के लाभों पर एक (01) वर्ष के लिए रोक लगा दी गई है।

केजीएमयू प्रशासन ने डीन (स्टूडेंट वेलफेयर), चीफ प्रॉक्टर, चीफ वार्डन, एमसीआई (MCI) और यूजीसी (UGC) सेल को इन निर्देशों का तत्काल और सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित कराने के आदेश दिए हैं।

क्या था पूरा मामला?

‘प्रणाम महोदय’ वीडियो और NMC की सख्तीकेजीएमयू प्रशासन की यह बड़ी कार्रवाई हाल ही में सामने आए एक बहुचर्चित रैगिंग विवाद के बाद हुई है। दरअसल, कुछ दिन पहले (नवंबर के तीसरे सप्ताह में) केजीएमयू परिसर स्थित कलाम सेंटर के आसपास का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था।

वायरल वीडियो में क्या था: वीडियो में एमबीबीएस प्रथम वर्ष के छात्र सफेद एप्रन पहने, सिर झुकाकर और हाथ पीछे बांधकर एक कतार में धीमी गति से चलते हुए अपने सीनियर्स को अनिवार्य रूप से “प्रणाम महोदय” और “प्रणाम मैडम” कहते नजर आए थे। इसके अलावा ड्रेस कोड और मानसिक प्रताड़ना के आरोप भी लगे थे।

UDF की शिकायत और NMC का दखल

इस घटना को लेकर यूनाइटेड डॉक्टर्स फ्रंट (UDF) ने औपचारिक शिकायत दर्ज कराई थी। शुरुआत में केजीएमयू के कुछ अधिकारियों ने इसे सामान्य शिष्टाचार और सुरक्षा व्यवस्था बताया था, लेकिन मामला तूल पकड़ने पर नेशनल मेडिकल कमीशन (NMC) ने बेहद कड़ा रुख अपनाया।

NMC ने तलब की थी रिपोर्ट

NMC ने इसे ‘Most urgent’ बताते हुए केजीएमयू के कुलपति और डीन को पत्र लिखकर तत्काल ‘एक्शन टेकन रिपोर्ट’ (ATR) तलब की थी। आयोग ने स्पष्ट किया था कि सीनियरिटी किसी को भी जूनियर्स को अपमानित करने या दबाव डालने का अधिकार नहीं देती, और ऐसे किसी भी व्यवहार को ‘परंपरा या कैंपस कल्चर’ के नाम पर जायज नहीं ठहराया जा सकता। NMC के कड़े निर्देशों, सीसीटीवी फुटेज की जांच और एंटी-रैगिंग कमेटी की विस्तृत पड़ताल के बाद अब केजीएमयू प्रशासन ने 38 छात्रों पर यह नजीर पेश करने वाली कार्रवाई की है।

WhatsApp Channel, Google News और सोशल मीडिया पर फॉलो करें

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button