एसजीपीजीआई में टाइप 1 डायबिटीज़ सपोर्ट ग्रुप कार्यक्रम: 50 बच्चों समेत 200 लोग जुटे, भारत में 20 साल से कम उम्र के सबसे ज्यादा मरीज

लखनऊ। संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान (एसजीपीजीआई) के एंडोक्रिनोलॉजी और पीडियाट्रिक एंडोक्रिनोलॉजी विभागों ने शनिवार, 29 नवंबर को टाइप 1 डायबिटीज़ सपोर्ट ग्रुप प्रोग्राम का आयोजन किया। कार्यक्रम में करीब 50 बच्चों समेत लगभग 200 लोग शामिल हुए। मकसद था टाइप 1 डायबिटीज़ के साथ जी रहे बच्चों और उनके परिवारों को एक-दूसरे से जोड़ना, ताकि वे इस बीमारी के साथ खुद को अकेला महसूस न करें।
तीन साल की बच्ची के परिवार को मिला हौसला
संस्थान ने इस मौके पर एक तीन साल की बच्ची का उदाहरण साझा किया, जिसे हाल ही में टाइप 1 डायबिटीज़ का पता चला था। ओपीडी में उसे इंसुलिन, ब्लड ग्लूकोज़ मॉनिटरिंग और खान-पान की सलाह पर शुरू किया गया। परिवार बेहद चिंतित था, क्योंकि उन्होंने इतनी कम उम्र में डायबिटीज़ से पीड़ित किसी को नहीं देखा था और बच्ची के भविष्य को लेकर तनाव में था। डॉक्टरों ने उन्हें सपोर्ट ग्रुप मीटिंग में आने की सलाह दी।
मीटिंग में जब परिवार ने हर उम्र के बच्चों और वयस्कों को इस बीमारी के साथ जीवन में अच्छी उपलब्धियां हासिल करते देखा, तो उनके चेहरे पर साफ बदलाव दिखा। संस्थान के मुताबिक किसी भी उपचार या काउंसलिंग से ज्यादा इस अनुभव ने उन्हें स्थिति स्वीकार करने में मदद की। डॉक्टरों का कहना है कि किसी भी दीर्घकालिक बीमारी में सपोर्ट ग्रुप उतने ही जरूरी हैं, जितनी दवाएं और जांचें।
चित्रकला, गायन, नृत्य और ज़ुम्बा
कार्यक्रम में बच्चों ने चित्रकला, गायन, नृत्य और क्विज़ प्रतियोगिता के जरिए अपनी प्रतिभा दिखाई। ज़ुम्बा सत्र और कई मनोरंजक गतिविधियों ने परिवारों को खुशनुमा माहौल में एक साथ जोड़ा। समूह के वरिष्ठ सदस्यों ने नए परिवारों के साथ अपने अनुभव साझा किए। परिवार यह जानने को उत्सुक थे कि उन्होंने जीवन के अलग-अलग पड़ावों पर चुनौतियों का सामना कैसे किया और उच्च शिक्षा, नौकरी, विवाह व पारिवारिक जीवन के दौरान डायबिटीज़ को कैसे संभाला।
रोटरी क्लब ऑफ़ ग्रेटर लखनऊ ने जरूरतमंद परिवारों के लिए टाइप 1 डायबिटीज़ से जुड़ी जरूरी सामग्री दी। इससे उन परिवारों को बड़ी राहत मिली, जो इंसुलिन, सिरिंज और ग्लूकोज़ मॉनिटरिंग के सामान का नियमित खर्च उठाने में मुश्किल महसूस करते हैं।
भारत में 20 साल से कम उम्र के सबसे ज्यादा मरीज
एसजीपीजीआई के अनुसार भारत में करीब 10 लाख लोग टाइप 1 डायबिटीज़ के साथ जी रहे हैं, जो अमेरिका के बाद दुनिया में दूसरी सबसे बड़ी संख्या है। इनमें लगभग 3 लाख लोग 20 साल से कम उम्र के हैं। 20 साल से कम उम्र के टाइप 1 डायबिटीज़ मरीजों के मामले में भारत दुनिया में पहले स्थान पर है और हर साल इसमें करीब 35,000 बच्चे और किशोर जुड़ जाते हैं।
यह भी पढ़ें
टाइप 1 डायबिटीज़ से जूझ रहे परिवारों का जीवन आसान बनाने में ‘पीयर ग्रुप सपोर्ट’ यानी साथियों के सहयोग को अहम माना जाता है। संस्थान का कहना है कि ऐसे कार्यक्रम परिवारों को मजबूत भावनात्मक सहारा और सामाजिक जुड़ाव देते हैं।
ताज़ा खबरें सबसे पहले पाएं
WhatsApp Channel, Google News और सोशल मीडिया पर फॉलो करें




