Health

KGMU में World Cancer Day के अवसर ‘यूनाइटेड बाय यूनिक’ थीम पर व्‍याख्‍यान का आयोजन, कैंसर के समय से पहचान से इलाज संभव

लखनऊ: विश्व कैंसर दिवस (World Cancer Day) के अवसर पर राजधानी लखनऊ में जागरूकता और सेवा का अनूठा संगम देखने को मिला। इंडियन कैंसर सोसाइटी (उत्तर प्रदेश चैप्टर) ने डिपार्टमेंट ऑफ ओरल एंड मैक्सिलोफेशियल सर्जरी (Department of Oral and Maxillofacial Surgery) और दक्षमा हेल्थ एजुकेशन के सहयोग से ‘यूनाइटेड बाय यूनिक’ (United by Unique) थीम पर एक भव्य कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें न केवल कैंसर से बचाव के तरीकों पर मंथन हुआ, बल्कि मरीजों की मदद के लिए हाथ भी बढ़ाए गए।

इस अवसर चिकित्सा जगत में उत्कृष्ट योगदान के लिए पद्मश्री डॉ. राजेंद्र प्रसाद और डॉ. शादाब मोहम्मद को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। उनकी सेवाओं ने कैंसर के खिलाफ लड़ाई को नई दिशा दी है।

समय पर पहचान से इलाज संभव 

कार्यक्रम में लंग कैंसर (Lung Cancer) पर एक विशेष सत्र हुआ। विशेषज्ञों ने चिंता जताई कि भारत में फेफड़ों का कैंसर तेजी से बढ़ रहा है। इसके मुख्य कारण तंबाकू का सेवन, बढ़ता प्रदूषण और खराब जीवनशैली हैं। वक्ताओं ने जोर देकर कहा कि अगर समय रहते बीमारी की पहचान हो जाए, तो इलाज संभव है।

‘स्वदेशी वैक्सीन’ से सवाईकल कैंसर से बचाव 

कार्यक्रम की मुख्‍य अतिथि व किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) की कुलपति प्रो. (डॉ.) सोनिया नित्यानंद ने कहा मुंह के कैंसर (Oral Cancer) से बचाव पर विशेष जोर दिया। उन्‍होंने महिलाओं में होने वाले सर्वाइकल कैंसर के बारे में बात करते हुए बताया कि अब भारत में इसकी स्वदेशी वैक्सीन (HPV Vaccine) उपलब्ध है, जो बीमारी की रोकथाम में गेम-चेंजर साबित होगी। उन्होंने ओरल कैंसर स्क्रीनिंग के लिए यूनिवर्सिटी की मोबाइल डेंटल वैन के प्रयासों की भी सराहना की।

मरीजों के लिए संगीत चिकित्सा और मदद

कैंसर के इलाज में दवा के साथ-साथ मानसिक शांति भी जरूरी है। इसी को ध्यान में रखते हुए ‘संगीत चिकित्सा’ (Music Therapy) पर एक विशेष सत्र आयोजित किया गया। इसके अलावा, अस्पताल में भर्ती कैंसर मरीजों को कंबल और जरूरी दवाइयां बांटी गईं।

हर महीने मिलेगी मुफ्त दवा

सेवा भाव की एक बड़ी मिसाल पेश करते हुए हरभज राम कृपादेवी धर्मार्थ अस्पताल के सीईओ श्री विद्यासागर गुप्ता ने घोषणा की कि वे आर्थिक रूप से कमजोर ओरल कैंसर के मरीजों को हर महीने 5,000 रुपये की दवाइयां मुफ्त उपलब्ध कराएंगे। हॉल में मौजूद सभी लोगों ने इस पहल की तालियों से सराहना की।

इंडियन कैंसर सोसाइटी की भूमिका

Indian Cancer Society के सचिव डॉ. यू. एस. पाल ने अपने संबोधन में संस्था की भूमिका और सामाजिक दायित्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि इंडियन कैंसर सोसाइटी केवल उपचार तक सीमित न रहकर कैंसर की रोकथाम, जागरूकता, शीघ्र जांच एवं रोगी-केंद्रित देखभाल के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

इंडियन कैंसर सोसाइटी के सचिव डॉ. यू. एस. पाल ने संस्था के कार्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा, “कैंसर के हर मरीज की लड़ाई अलग होती है, इसलिए हमारा थीम ‘यूनाइटेड बाय यूनिक’ रखा गया है। हमें इलाज के साथ-साथ मानवीय संवेदना और सामाजिक सहयोग की भी जरूरत है।”

कार्यक्रम में कार्यक्रम में डीन डेंटल डॉ. जी. के. सिंह, अतिथियों में प्लास्टिक सर्जन डॉ. विजय कुमार, डॉ. हरिराम, डॉ. प्रदीप टंडन, डॉ. अमिया अग्रवाल, डॉ. अरुणेश तिवारी एवं डॉ. अखिलेश पांडेय प्रो. शैलेंद्र सहित कई वरिष्‍ठ चिकित्‍सक और विभागध्‍यक्ष उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button