Health

103 अस्पतालों में लगेगा सोलर प्लांट, रामसागर मिश्र अस्पताल में शुरू हुआ ट्रायल

Lucknow: प्रदेश के सरकारी अस्पताल सौर ऊर्जा से चमकेंगे। इसके लिए अस्पतालों में सोलर प्लांट (Solar Plants) लगाये जा रहे हैं। करीब 103 अस्पतालों में सोलर प्लांट लगाये जाने हैं। इसी क्रम में सीतापुर रोड स्थित राम सागर मिश्र संयुक्त चिकित्सालय, साढ़ामऊ में 280 किलोवाट क्षमता का सोलर प्लांट स्थापित कर दिया गया है।

यह प्लांट फिलहाल ट्रायल पर चल रहा है और हर महीने लगभग 30,000 यूनिट बिजली का उत्पादन कर रहा है। इससे अस्पताल को बिजली बिल में प्रतिमाह लगभग एक लाख रुपये की बचत हो रही है। अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. वीके शर्मा ने बताया कि स्वास्थ्य महानिदेशालय ने ओसीएम पावर प्राइवेट लिमिटेड के साथ करार किया है, जिसके तहत प्रदेश के 103 अस्पतालों में वित्तीय वर्ष 2025-26 में सोलर प्लांट लगाए जा रहे हैं। राम सागर मिश्र अस्पताल को भी सौर ऊर्जा से लैस किया गया है।

राम सागर मिश्र अस्पताल में 156 बेड हैं और यहां रोजाना ओपीडी में 1000 से अधिक मरीज उपचार के लिए आते हैं। अस्पताल में कई महत्वपूर्ण चिकित्सीय उपकरण अब सीधे सौर ऊर्जा से चल रहे हैं, जिससे बिजली की निर्बाध आपूर्ति हो रही है। सोलर प्लांट के संचालन से हर महीने 104 टन कार्बन उत्सर्जन में कमी हो रही है, जो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक बड़ा कदम है। डॉ. वीके शर्मा ने बताया कि सौर ऊर्जा उपलब्ध होने से अस्पताल के कई विभागों को स्थिर और किफायती बिजली मिल रही है, जिससे सेवाओं में भी सुधार हुआ है।

ओसीएम पावर प्राइवेट लिमिटेड के सीनियर वाइस प्रेसीडेंट अरुण सिंह के मुताबिक कंपनी सरकार से हुए अनुबंध के अनुसार ही प्लांट स्थापित कर रही है। प्लांट से उत्पन्न बिजली की कीमत सरकार द्वारा प्रति यूनिट 4.85 रुपये की दर से दी जायेगी। उन्होंने बताया कि इसके अलावा सरकार को कोई अतिरिक्त खर्च नहीं उठाना होगा और कंपनी अगले 25 वर्षों तक प्लांट का रखरखाव भी करेगी।

WhatsApp Channel, Google News और सोशल मीडिया पर फॉलो करें

Mahima Tiwari

महिमा तिवारी, द कवरेज में सीनियर पत्रकार हैं। पत्रकारिता में 23 साल का अनुभव रखतीं हैं। वह राजनीति, हेल्थ, लाइफ स्‍टाइल और ह्यूमन एंगल स्टोरीज लिखती हैं। महिलाओं और बच्चों से संबंधित मुद्दों पर भी लिखना पसंद है।

Related Articles

Back to top button