KGMU : 3 साल के कृष्णा के जबड़े से निकाला 9 सेंटीमीटर का ट्यूमर, कई अस्पतालों ने कर दिया था मना

लखनऊ। किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (KGMU) के डॉक्टरों ने 3 के बच्चे के जबड़े से बड़ा ट्यूूूमर निकाल कर उसे नई जिंदगी दी है। ओरल एंड मैक्सिलोफेशियल सर्जरी (OMFS) विभाग में तीन साल के मासूम कृष्णा का जटिल और सफल ऑपरेशन किया गया। डॉक्टरों ने उसके निचले जबड़े के दाहिने हिस्से से 9×8.5 सेंटीमीटर का एक बड़ा ट्यूमर निकालकर उसे नई जिंदगी दी है।
कई शहरों में भटके, फिर KGMU में मिली उम्मीद
कृष्णा हमीरपुर का रहने वाला है। परिजनों के अनुसार बच्चे को खेलते समय गिरने से चोट लग गई थी। शुरुआत में परिवार उसे इलाज के लिए हमीरपुर जिला अस्पताल ले गया। वहां पर्याप्त सुविधाएं न होने पर उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। उम्र बेहद कम होने और ट्यूमर का आकार बड़ा होने के कारण कई शहरों के अस्पतालों ने ऑपरेशन करने से हाथ खड़े कर दिए। काफी भटकने के बाद कृष्णा के मामा उसे लेकर लखनऊ KGMU पहुंचे।
आर्थिक स्थिति है बेहद कमजोर
कृष्णा के परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद खराब है। परिवार के मुताबिक, कृष्णा की मां अकेले ही उसकी देखभाल करती हैं। ऐसे में KGMU उनके लिए आखिरी और सबसे बड़ी उम्मीद बनकर सामने आया।
26 अक्टूबर को हुआ सफल ऑपरेशन
डॉ. हरिराम ने बताया कि 1 अक्टूबर 2026 को कृष्णा को ओरल एंड मैक्सिलोफेशियल सर्जरी (OMFS) विभाग में भर्ती किया गया। जांच में उसके चेहरे के दाहिने निचले हिस्से में बड़े ट्यूमर की पुष्टि हुई। आवश्यक जांच और शल्य चिकित्सा की तैयारियों के बाद 26 अक्टूबर 2026 को सर्जरी की गई।
यह भी पढ़ें
इन डॉक्टरों की टीम ने किया कमाल
इस जटिल ऑपरेशन को प्रोफेसर डॉ. हरी राम की टीम ने सफलतापूर्वक अंजाम दिया। सर्जिकल टीम में पीडियाट्रिक सर्जरी के विभागाध्यक्ष डॉ. जेडी रावत और डॉ. आनंद पांडे ने अहम भूमिका निभाई।
मेडिकल टीम में ये सदस्य भी शामिल रहे:
सीनियर रेजिडेंट: डॉ. पूनम, डॉ. भावना और डॉ. अपेक्षा।
जूनियर रेजिडेंट: डॉ. अभिनव, डॉ. अनिका और डॉ. शफीक।
एनेस्थीसिया टीम: प्रो. डॉ. प्रेम राज के नेतृत्व में डॉ. दीपाली, डॉ. अनुष्का और डॉ. एंजेल।
OT स्टाफ: माया राजपूत, रामदेव, नंद लाल, राकेश और अरविंद।
सफल ऑपरेशन के बाद कृष्णा को पीडियाट्रिक्स विभाग के आईसीयू (ICU) में शिफ्ट कर दिया गया है। वहां डॉ. नीरज आनंद की देखरेख में उसका इलाज और रिकवरी चल रही है। सफल सर्जरी के बाद डॉ. हरी राम ने अस्पताल में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए KGMU की कुलपति डॉ. सोनिया नित्यानंद का विशेष आभार व्यक्त किया है।
ताज़ा खबरें सबसे पहले पाएं
WhatsApp Channel, Google News और सोशल मीडिया पर फॉलो करें




