यूपी पावर ऑफिसर्स एसोसिएशन की मांग: दीपावली से पहले बहाल हों निलंबित दलित अभियंता, पूर्व अध्यक्ष के कार्यकाल की हो जांच

लखनऊ। यूपी पावर ऑफिसर्स एसोसिएशन ने दीपावली से पहले आधा दर्जन से ज्यादा निलंबित दलित और पिछड़े वर्ग के अभियंताओं की बहाली की मांग की है। एसोसिएशन की प्रांतीय कार्यसमिति की एक अहम बैठक फील्ड हॉस्टल कार्यालय में संपन्न हुई। इसमें वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए प्रदेश के सभी बिजली निगमों के अभियंताओं ने हिस्सा लिया।
बैठक में पावर कॉरपोरेशन के पूर्व अध्यक्ष आशीष कुमार गोयल के कार्यकाल को लेकर गहरी चिंता जताई गई। एसोसिएशन का आरोप है कि गोयल के कार्यकाल में दलित और पिछड़े वर्ग के अभियंताओं के खिलाफ द्वेषपूर्ण और दंडात्मक कार्रवाइयां की गईं। संगठन ने राज्य सरकार से पूर्व अध्यक्ष के दो साल के कार्यकाल की जांच कराने की अपनी पुरानी मांग को फिर दोहराया है। एसोसिएशन का दावा है कि जांच में कई चौंकाने वाले मामले सामने आएंगे।
एसोसिएशन के अध्यक्ष आर.पी. केन और कार्यवाहक अध्यक्ष अवधेश कुमार वर्मा समेत अन्य पदाधिकारियों ने लंबित मामलों का मुद्दा उठाया। पदाधिकारियों ने बताया कि संगठन सचिव और मुख्य अभियंता हरिश्चंद्र वर्मा एक साल से अधिक समय से निलंबित चल रहे हैं। इसी तरह दक्षिणांचल के अतिरिक्त महासचिव अजय कुमार को भी निलंबित रखा गया है।
बैठक में पदोन्नति बाधित होने का मुद्दा भी उठा। रविंद्र सिंह, विजय प्रकाश (अधिशासी अभियंता, दक्षिणांचल), अनमोल डागौर (अधिशासी अभियंता, ट्रांसमिशन) और नेकी राम (अधीक्षण अभियंता) को गलत सजा दिए जाने का आरोप लगाया गया। वहीं, मुकेश बाबू पर न्यायालय के आदेश के बावजूद जुर्माना लगाकर आर्थिक नुकसान पहुंचाने की बात कही गई।
एसोसिएशन के नेताओं ने बताया कि दलित और पिछड़े वर्ग के अभियंताओं के उत्पीड़न का यह मामला पहले ही मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और अनुसूचित जाति-जनजाति आयोग के संज्ञान में लाया जा चुका है। प्रबंधन से अपील की गई है कि वह सभी लंबित मामलों की निष्पक्ष समीक्षा करे और दीपावली से पहले नियमानुसार न्याय सुनिश्चित करे। न्यायालय के आदेशों का भी तत्काल अनुपालन किया जाए।
बैठक में सभी अभियंताओं ने एक स्वर में प्रस्ताव पारित किया कि उपभोक्ता सेवाओं में व्यापक सुधार और दीपावली पर पूरे प्रदेश में सुचारु विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए एसोसिएशन के सभी सदस्य जी-जान से जुटेंगे। बिजली व्यवधानों का त्वरित निस्तारण और उपभोक्ताओं की शिकायतों का समयबद्ध समाधान उनकी प्राथमिकता रहेगा।
एसोसिएशन ने यूपीपीसीएल प्रबंधन से दीपावली से पहले निर्दोष अभियंताओं की बहाली, पदोन्नति संबंधी मामलों के निस्तारण तथा न्यायालय के आदेशों के अनुपालन की मांग की।
ताज़ा खबरें सबसे पहले पाएं
WhatsApp Channel, Google News और सोशल मीडिया पर फॉलो करें




