India

बैंड-बाजा न बारात: IAS माधव और अदिति ने सादगी से कोर्ट में रचाई शादी, पेश की सादगी की मिसाल

अलवर (राजस्‍थान)। इस शादी में न कोई बैंड-बाजा था, न कोई भव्य आयोजन और न ही कोई आलीशान वेन्यू। ना भारी-भरकम खर्च, वीआईपी मेहमानों की भीड़ और दिखावा। वेन्‍यू था अलवर राजस्‍थान काेर्ट। जहां यूपीएससी 2023 बैच (UPSC 2023 Batch) के अधिकारी आईएएस माधव भारद्वाज और आईएएस अदिति वार्ष्णेय ने राजस्थान के अलवर में बेहद सादगी के साथ कोर्ट मैरिज (Court Marriage) कर ली है।

भारत में जहां शादियों का मतलब ही भारी-भरकम खर्च, वीआईपी मेहमानों की भीड़ और दिखावा माना जाता है, वहीं देश के दो युवा आईएएस (IAS) अफसरों ने एक नई और शानदार मिसाल पेश की है। दोनों ने अपने करीबी लोगों की मौजूदगी में एक-दूसरे को महज वरमाला पहनाई और हमेशा के लिए हमसफर बन गए।

इस शादी ने यह साबित कर दिया है कि जीवन के सबसे खास पलों को बिना किसी दिखावे के भी यादगार बनाया जा सकता है। इन दोनों युवा अफसरों का यह कदम दिखावे से दूर रहने वाली नई पीढ़ी के लिए एक बड़ी प्रेरणा बन रहा है।

ट्रेनिंग के दौरान शुरू हुई लव स्टोरी

अदिति मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बरेली (चौपुला रोड, बिहारीपुर) की रहने वाली हैं, जबकि माधव उत्तराखंड के मसूरी के निवासी हैं। अदिति के पिता दिनेश वार्ष्णेय के मुताबिक, दोनों की पहली मुलाकात सिविल सेवा प्रशिक्षण (IAS Training) के दौरान हुई थी। दोनों की सोच थी कि प्रशासनिक सेवा में रहते हुए एक बेहद सरल और सादा जीवन जिया जाए। विचारों की इसी समानता ने दोनों की दोस्ती को पहले भरोसे और फिर प्यार में बदल दिया।

कलेक्टर के सामने हुआ विवाह पंजीकरण

बुधवार को अलवर के मिनी सचिवालय का नजारा आम दिनों से अलग था। यहां न कोई भारी-भरकम भीड़ थी, न वीआईपी गेस्ट्स का जमावड़ा और न ही भारी-भरकम गहनों का दिखावा। अलवर की जिला कलेक्टर आर्तिका शुक्ला के समक्ष माधव और अदिति ने अपने विवाह का आधिकारिक रूप से पंजीकरण करवाया। इस मौके पर केवल दोनों के माता-पिता, करीबी रिश्तेदार और कुछ वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी ही मौजूद रहे। परिजनों ने बताया कि दोनों जल्द ही एक पारिवारिक माहौल में पूरे हिंदू रीति-रिवाज के साथ सात फेरे भी लेंगे।

कौन हैं IAS अदिति और IAS माधव ?

  • अदिति वार्ष्णेय (IAS Aditi Varshney): अदिति ने साल 2023 में अपने पहले ही प्रयास में यूपीएससी (UPSC) परीक्षा में 57वीं रैंक हासिल की थी। दिल्ली विश्वविद्यालय के जीसस एंड मैरी कॉलेज से अपनी पढ़ाई पूरी करने वाली अदिति फिलहाल गुजरात कैडर में जामनगर की प्रांत अधिकारी (SDM) के पद पर अपनी सेवाएं दे रही हैं।

  • माधव भारद्वाज (IAS Madhav Bhardwaj): माधव ने साल 2023 में ही यूपीएससी में 536वीं रैंक हासिल की थी। उन्होंने एनआईटी (NIT) प्रयागराज और आईआईएम (IIM) अहमदाबाद जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों से पढ़ाई की है। सिविल सेवा में कदम रखने से पहले वह कॉरपोरेट सेक्टर में भी काम कर चुके हैं। वर्तमान में वह राजस्थान के अलवर में एसडीएम (SDM) के पद पर तैनात हैं।

Sunil Yadav

संपादक, लेखक और अनुभवी पत्रकार हैं। वे दैनिक जागरण, आईनेक्‍स्‍ट, कैनविज टाइम्‍स और दैनिक जागरण आईनेक्‍स्‍ट से जुड़े रहे हैं। वह मुख्य रूप से उत्तर प्रदेश की राजनीति, प्रशासनिक ख़बरों, स्वास्थ्य सेवाओं, टेक्‍नोलॉजी से जुड़े विषयों पर लिखते हैं। ट्विटर (X) पर उनसे @sunilyadav21 पर जुड़ सकते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button