India

Ambedkar Jayanti: बच्चों को बेहतर पढ़ाकर ही साकार होंगे बाबा साहेब के सपने- BDO संदीप सिंह

रायबरेली: बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर शुक्रवार को रायबरेली के अमावां ब्लॉक में एक विचार संगोष्ठी और सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। एससी/एसटी टीचर्स वेलफेयर एसोसिएशन (SC/ST Teachers Welfare Association) द्वारा ब्लॉक सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में चयनित मेधावी बच्चों और उन्हें तैयारी कराने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में खंड विकास अधिकारी (BDO) संदीप सिंह और विशिष्ट अतिथि के रूप में खंड शिक्षा अधिकारी (BEO) ऋचा सिंह मौजूद रहीं।

‘किताबों को पढ़कर ही असली बाबा साहेब को जाना जा सकता है’

मुख्य अतिथि BDO संदीप सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि अगर बाबा साहेब को सच्चे अर्थों में जानना है, तो हमें उनकी लिखी किताबों का अध्ययन करना होगा। उन्होंने डॉ. अंबेडकर की प्रसिद्ध पुस्तक ‘जाति का उन्मूलन’ (Annihilation of Caste) का जिक्र करते हुए कहा कि इसमें शोषितों और वंचितों की पीड़ा को गहराई से बताया गया है। उन्होंने शिक्षकों से अपील की कि वे बच्चों को बेहतर शिक्षा देकर बाबा साहेब के सपनों को साकार करें।

Ambedkar Jayanti 2
सम्‍मान प्राप्‍त करते बच्‍चों के चहेते शिक्षक प्रवेश यादव

NMMS और नवोदय में चयनित 45 मेधावी बच्चे हुए सम्मानित

खंड शिक्षा अधिकारी ऋचा सिंह ने बताया कि ब्लॉक के विभिन्न विद्यालयों (पिंडारी कला, गोहन्ना, रसहेता, जेतुवा टप्पे विझवन, जरैला, उच्च प्राथमिक विद्यालय पहरेमऊ, खैहराना, हिलगी, लालपुर चौहान, लोधवामऊ, ओनई जंगल, गढ़ी खास व डीघिया) के 32 बच्चों ने राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा (NMMS) में सफलता हासिल की है। इसके अलावा जवाहर नवोदय विद्यालय (Navodaya Vidyalaya) में 3 और राष्ट्रीय आविष्कार योजना में 10 बच्चों का चयन हुआ है। इन सभी बच्चों को समारोह में सम्मानित किया गया। BEO ने जोर देते हुए कहा कि स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को आगे बढ़ाकर ही हम सच्ची श्रद्धांजलि दे सकते हैं।

हर महीने मिलेगी 1000 रुपये की छात्रवृत्ति

आरएसएम के जिलाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह ने जानकारी दी कि स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, शिक्षा मंत्रालय की ओर से NMMS में चयनित बच्चों को कक्षा 9 से 12 तक (इंटरमीडिएट) की पढ़ाई के लिए कुल 48,000 रुपये की स्कॉलरशिप (Scholarship) मुहैया कराई जाएगी। इसके तहत हर महीने 1,000 रुपये की धनराशि मिलेगी, जो गरीब और वंचित परिवारों के बच्चों की आगे की पढ़ाई में बेहद मददगार साबित होगी।

मेहनती शिक्षकों का हुआ सम्मान

एसआरजी राजवंत सिंह, शैलेंद्र सिंह और सुनील यादव ने कहा कि गुरुजनों के मार्गदर्शन और मेहनत से ही इन बच्चों का भविष्य संवरा है। इस अवसर पर बच्चों को शानदार तैयारी कराने वाले शिक्षक सतीश चौरसिया, शिवेंद्र सिंह, शैलेश श्रीवास्तव और प्रवेश यादव को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया।

इस मौके पर एससी/एसटी एसोसिएशन के संरक्षक अशोक प्रियदर्शी, जिलाध्यक्ष आशाराम रावत, महामंत्री रोहित चौधरी, राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के ब्लॉक अध्यक्ष ब्रजेन्द्र कुमार, महामंत्री रामेश्वर नाथ प्रसाद सहित एआरपी हरिचंद्र पांडेय, मानवेंद्र सिंह, मयंक, उमेश और भारी संख्या में शिक्षक मौजूद रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन संकुल बल्ला नीरज रावत ने किया।

Sunil Yadav

संपादक, लेखक और अनुभवी पत्रकार हैं। वे दैनिक जागरण, आईनेक्‍स्‍ट, कैनविज टाइम्‍स और दैनिक जागरण आईनेक्‍स्‍ट से जुड़े रहे हैं। वह मुख्य रूप से उत्तर प्रदेश की राजनीति, प्रशासनिक ख़बरों, स्वास्थ्य सेवाओं, टेक्‍नोलॉजी से जुड़े विषयों पर लिखते हैं। ट्विटर (X) पर उनसे @sunilyadav21 पर जुड़ सकते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button