फीनिक्स पलासियो मॉल में कर्मचारियों को मिली First Aid ट्रेनिंग, इमरजेंसी में बचा सकेंगे जान

लखनऊ: शहीद पथ स्थित फीनिक्स पलासियो मॉल में कर्मचारियों के लिए विशेष प्राथमिक उपचार (First Aid) प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस पहल का मकसद मॉल आने वाले लोगों को सुरक्षित माहौल देना और किसी भी मेडिकल इमरजेंसी में तुरंत मदद पहुंचाना है।
मॉल के सेफ्टी हेड अभिषेक के नेतृत्व में हुए इस कार्यक्रम में सपोर्ट स्टाफ, सेफ्टी, सिक्योरिटी और मॉल मैनेजमेंट टीम के कर्मचारियों ने हिस्सा लिया।

प्रशिक्षण के दौरान जीवीके ईएमआरआई ग्रीन हेल्थ सर्विसेज के ईएमएलसी हेड डॉ. दाऊद हुसामी ने मेडिकल इमरजेंसी से जुड़े अहम पहलुओं पर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दुर्घटना या अचानक गंभीर बीमारी की स्थिति में शुरुआती समय यानी ‘गोल्डन आवर’ (Golden Hour) सबसे अहम होता है। इस दौरान सही समय पर दिया गया प्राथमिक उपचार मरीज की जान बचा सकता है।
ट्रेनिंग सेशन में कर्मचारियों को अलग-अलग आपातकालीन स्थितियों से निपटने के व्यावहारिक तरीके सिखाए गए। इसमें मुख्य रूप से सीपीआर (CPR) देने की सही तकनीक, गले में कुछ फंसने (Choking), हड्डी टूटने (Fracture) और सिर में चोट (Head Injury) लगने पर तुरंत किए जाने वाले उपाय शामिल रहे। इसके साथ ही मरीज की स्थिति को परखने, जरूरी सावधानियां बरतने और इमरजेंसी में क्या करें व क्या न करें, इसके बारे में विस्तार से बताया गया।
ताज़ा खबरें सबसे पहले पाएं
WhatsApp Channel, Google News और सोशल मीडिया पर फॉलो करें




