PMJAY में लखनऊ के बलरामपुर अस्पताल ने मारी बाजी, उत्कृष्ट सेवाओं के लिए प्रदेश में मिला शीर्ष सम्मान
'आयुष्मान संवाद' में प्री-ऑथ और क्लेम इंसेंटिव के बेहतरीन उपयोग के लिए मिला पुरस्कार; निदेशक और CMS ने संयुक्त रूप से ग्रहण किया सम्मान

लखनऊ: आयुष्मान भारत – प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (PMJAY) के 8 वर्ष और आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन (ABDM) के 5 वर्ष पूरे होने पर राजधानी के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में राज्य-स्तरीय ‘आयुष्मान संवाद’ कार्यक्रम आयोजित हुआ। इस समारोह में लखनऊ के बलरामपुर अस्पताल को ‘प्री-ऑथ’ (Pre-Authorization) एवं ‘क्लेम इंसेंटिव’ के सबसे प्रभावी उपयोग के लिए उत्तर प्रदेश के शीर्ष जिला अस्पताल के रूप में चुना गया।
शासन के शीर्ष अधिकारियों की मौजूदगी में मिला सम्मान
समारोह में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। प्रमुख सचिव (चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण) हेकाली झिमोमी, सचिव ऋतु माहेश्वरी और साचीस (SACHIS) की मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) अर्चना वर्मा ने अस्पताल की इस उपलब्धि की सराहना की। बलरामपुर अस्पताल के निदेशक एवं प्रमुख अधीक्षक डॉ. बी.के.एस. चौहान तथा मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. हिमांशु चतुर्वेदी ने मंच पर संयुक्त रूप से यह सम्मान ग्रहण किया।
पारदर्शी प्रक्रिया और गुणवत्तापूर्ण इलाज प्राथमिकता
सम्मान प्राप्त करने के बाद निदेशक डॉ. बी.के.एस. चौहान ने कहा, “समाज के अंतिम पायदान पर खड़े पात्र लाभार्थियों तक पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना हमारी प्राथमिकता है।”
उन्होंने स्पष्ट किया कि अस्पताल में प्री-ऑथराइजेशन और क्लेम निस्तारण की पूरी व्यवस्था को आधुनिक, सुव्यवस्थित और मरीज-केंद्रित बनाया गया है। यह पुरस्कार डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ और पूरी प्रशासनिक टीम के निरंतर समर्पण का नतीजा है।
ताज़ा खबरें सबसे पहले पाएं
WhatsApp Channel, Google News और सोशल मीडिया पर फॉलो करें


