UP

एलडीए में कल लगेगा लोन मेला

- राष्ट्रीयकृत एवं अधिसूचित बैंकों की टीम रहेगी उपस्थित, मौके पर एनओसी और प्रतिस्पर्धात्मक ब्याज दरों पर मिलेगा लोन

लखनऊ, 14 अक्टूबर: लखनऊ विकास प्राधिकरण में गुरूवार को लोन मेला लगेगा, जिसमें सभी राष्ट्रीयकृत एवं अधिसूचित बैंकों की टीम उपस्थित रहेगी।आवंटियों को मौके पर ही एनओसी और प्रतिस्पर्धात्मक ब्याज दरों पर लोन की सुविधा मिलेगी।

एलडीए के वित्त नियंत्रक अनिल कुमार सिंह ने बताया कि प्राधिकरण द्वारा समय-समय पर विभिन्न आवासीय एवं व्यावसायिक सम्पत्तियों का आवंटन किया गया है। इनमें से कई आवंटी सही जानकारी के आभाव व बैंक से लोन न मिलने के कारण सम्पत्ति का पूरा भुगतान नहीं कर पाते हैं। ऐसी परिस्थितियों में आवंटियों पर अतिरिक्त ब्याज का बोझ तो पड़ता ही और देरी होने पर आवंटन निरस्त होने का खतरा भी रहता है। इसे ध्यान में रखते हुए एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने आवंटियों की सुविधा के लिए लोन मेला आयोजित करने के निर्देश दिये हैं। जिसके अनुपालन में 15 अक्टूबर, 2026 को गोमती नगर स्थित प्राधिकरण भवन में ‘एलडीए लोन मेला’ आयोजित किया जा रहा है। इसमें सभी राष्ट्रीयकृत एवं अधिसूचित बैंकों के अधिकारी अपने स्टाफ के साथ उपस्थित रहेंगे।

यह फायदें मिलेंगे
एलडीए के लेखाधिकारी विनोद कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि लोन मेला में आवंटियों को एक ही स्थान पर ऑन स्पॉट बैंक सहायता मिलेगी। आवंटियों को मौके पर ही एनओसी प्रदान की जाएगी। साथ ही ज्यादा बैंकों के प्रतिभाग करने से प्रतिस्पर्धात्मक ब्याज दरों पर लोन मिलेगा। उन्होंने बताया कि आवंटियों को अपना आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक पासबुक, आय एवं जाति प्रमाण पत्र आदि प्रपत्र लाने होंगे।

दुर्बल आय वर्ग को बड़ी राहत
एलडीए लोन मेला से खास तौर से दुर्बल एवं अल्प आय वर्ग के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। यहां एक ही परिसर में उनका सारा काम हो जाएगा। इसमें प्रधानमंत्री आवास योजना, अटल नगर योजना, सरदार वल्लभ भाई पटेल आवासीय योजना, पहले आओ-पहले पाओ योजना, अनंत नगर योजना के साथ ही अन्य योजनाओं में आवासीय एवं व्यावसायिक सम्पत्ति लेने वाले आवंटी बैंक लोन के लिए आवेदन कर सकेंगे।

वर्जन
‘एक दिन-एक स्थान, लोन सम्बंधी पूर्ण समाधान’ के उद्देश्य से यह लोन मेला लगवाया जा रहा है। इसमें हर वर्ग के आवंटियों की ऋण सम्बंधी जरूरतें पूरी होंगी और वे पूरा भुगतान करके अपनी सम्पत्ति के मालिक बन सकेंगे।
प्रथमेश कुमार, उपाध्यक्ष
लखनऊ विकास प्राधिकरण

ताज़ा खबरें सबसे पहले पाएं

WhatsApp Channel, Google News और सोशल मीडिया पर फॉलो करें

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button