चोरों की गोली से घायल युवक को SGPGI एपेक्स ट्रॉमा सेंटर ने दिया नया जीवन, 1.5 लीटर खून बहने के बाद बचाई जान

लखनऊ। गोसाईंगंज के उदवतखेड़ा निवासी 35 वर्षीय पंकज कुमार यादव को एपेक्स ट्रॉमा सेंटर, SGPGIMS के डॉक्टरों ने नया जीवन दिया है। 14 अगस्त की रात करीब 12:30 बजे एपीआई अंसल क्षेत्र में चोरों ने उन्हें पेट में गोली मार दी थी। अत्यधिक खून बहने के कारण मरीज गंभीर हैमोरेजिक शॉक की हालत में अस्पताल पहुंचा था।
तत्काल इमरजेंसी सर्जरी
अस्पताल पहुंचते ही ट्रॉमा टीम ने तुरंत रीससिटेशन (Resuscitation) प्रक्रिया शुरू कर मरीज की इमरजेंसी लैप्रोटॉमी सर्जरी की गई। डॉक्टरों के अनुसार, गोली लगने से मरीज के पेट के भीतर लगभग 1.5 लीटर खून जमा हो गया था। इसके साथ ही छोटी आंत (इलियम) बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी थी। सर्जनों ने आंत के करीब 15 सेमी क्षतिग्रस्त हिस्से को काटकर निकाला और सफल रीकंस्ट्रक्शन सर्जरी की।
48 घंटे वेंटिलेटर पर रहा मरीज
मरीज की जान बचाने के लिए कई यूनिट ब्लड चढ़ाया गया। बेहद नाजुक हालत को देखते हुए ऑपरेशन के बाद उन्हें 48 घंटे तक मैकेनिकल वेंटिलेटर पर रखा गया। आईसीयू में लगातार निगरानी और गहन चिकित्सा देखभाल के बाद पंकज पूरी तरह स्वस्थ हो गए। स्थिति सामान्य होने पर उन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया।
यह भी पढ़ें: SGPGI में बिना सर्जरी घुटने के दर्द से राहत: एपेक्स ट्रॉमा सेंटर में आधुनिक Cooled RFA उपचार सुविधा शुरू
इन्होंने निभाई अहम भूमिका
यह जटिल सर्जरी प्रो. अमित कुमार सिंह (एडिशनल चीफ एवं ट्रॉमा सर्जन) के नेतृत्व में सीनियर रेजिडेंट डॉ. आदित्य और डॉ. वरुण गुप्ता ने की। वहीं एनेस्थीसिया टीम में एडिशनल प्रोफेसर डॉ. गणपत प्रसाद, डॉ. रफत शमीम और सीनियर रेजिडेंट डॉ. दीक्षा शामिल रहीं। इसके अलावा ओटी और आईसीयू स्टाफ का भी उपचार में अहम योगदान रहा।
संस्थान के निदेशक पद्मश्री प्रो. आर.के. धीमन ने पूरी मेडिकल टीम को इस जीवन रक्षक कार्य और सफल उपचार के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह मामला दिखाता है कि ट्रॉमा के गंभीर मामलों में त्वरित निर्णय, आपातकालीन सर्जरी और एडवांस्ड आईसीयू केयर से जान बचाई जा सकती है।
एपेक्स ट्रॉमा सेंटर, SGPGIMS में आपातकालीन ट्रॉमा, सर्जिकल और गहन चिकित्सा सेवाएं मरीजों को 24×7 निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं।
ताज़ा खबरें सबसे पहले पाएं
WhatsApp Channel, Google News और सोशल मीडिया पर फॉलो करें




