हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ यादव विकास सेवा संस्थान का छठवाँ होली मिलन समारोह, गीतों पर झूमे लोग

लखनऊ। राजधानी के गोमती नगर स्थित विनम्र खण्ड-3 के सामुदायिक केंद्र में रविवार को यादव विकास सेवा संस्थान, उत्तर प्रदेश की ओर से ‘छठवाँ होली मिलन समारोह’ धूमधाम और आपसी भाईचारे के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में लखनऊ और आसपास के क्षेत्रों से समाज के भारी संख्या में लोग सपरिवार शामिल हुए। इस अवसर पर आयोजित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने समां बांध दिया और स्थानीय कलाकारों द्वारा प्रस्तुत किए गए पारंपरिक फाग गीतों व लोक नृत्यों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
समारोह में मुख्य रूप से मौजूद संस्थान के संरक्षक सुरेश यादव और राजकीय निर्माण निगम के पूर्व एमडी श्री आर एन यादव ने समाज को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि होली का पर्व हमें पुराने मनमुटाव भुलाकर प्रेम के साथ रहने का संदेश देता है। यह वार्षिक आयोजन समाज की एकजुटता को और मजबूत करने का एक सफल प्रयास रहा है। कार्यक्रम में बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी ने फूलों और रंगों की होली का जमकर आनंद लिया।

नन्हे कलाकारों ने बिखेरी अपनी प्रतिभा की छटा
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण बच्चों की प्रस्तुतियां रहीं, जिन्होंने अपनी प्रतिभा से सभी का मन मोह लिया। आराध्या यादव ने क्विज, अखिल यादव व आयुष यादव ने कविता पाठ और हर्ष यादव ने गीता के श्लोक सुनाकर अपनी बौद्धिक क्षमता का परिचय दिया। वहीं गौरी आराध्या यादव, आस्था यादव और अवनि यादव ने शानदार डांस परफॉर्मेंस दी। अनुभव कृष्णा यादव ने अपने गायन और रंजना यादव ने ओजस्वी स्पीच के जरिए खूब तालियां बटोरीं।
कार्यक्रम के अंत में संस्थान के अध्यक्ष अमित यादव और महामंत्री राम सजीवन यादव ने सफल आयोजन के लिए सभी का आभार व्यक्त किया और उपस्थित लोगों को होली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर डॉ. राजेश यादव, राम समुझ यादव, राम मिलन यादव और ई. सुरेश यादव सहित संस्थान के तमाम पदाधिकारी व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।




