नोएडा में विशेष आध्यात्मिक कार्यक्रम, युवाओं को मिला सकारात्मक जीवन मंत्र

नोएडा: शिव शक्ति वेलफेयर ट्रस्ट द्वारा नोएडा में एक विशेष आध्यात्मिक चर्चा का आयोजन किया गया, जिसमें युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य युवाओं के जीवन से जुड़े व्यक्तिगत एवं आध्यात्मिक प्रश्नों का समाधान करना था। इस अवसर पर योग एवं आध्यात्मिक गुरु आचार्य मनीष जी ने उपस्थित युवाओं के प्रश्नों का उत्तर न केवल आध्यात्मिक दृष्टिकोण से, बल्कि वैज्ञानिक तथ्यों के आधार पर भी दिया।

उन्होंने बताया कि योग और अध्यात्म को अपनाकर व्यक्ति अपने जीवन में संतुलन, शांति और वास्तविक सुख प्राप्त कर सकता है। आचार्य जी ने साधना के महत्व पर प्रकाश डालते हुए देवी माँ एवं श्री हनुमान जी के मंत्रों के माध्यम से विशेष योग साधना की विधि भी बताई, जिससे जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।
कार्यक्रम में उपस्थित शिव शक्ति वेलफेयर ट्रस्ट के राष्ट्रीय महासचिव संकेत शर्मा एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष पुनीत गोस्वामी ने कहा कि संस्था युवाओं के लिए ऐसे प्रेरणादायक कार्यक्रम समय-समय पर आयोजित करती रही है और भविष्य में भी सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार हेतु इस प्रकार के आयोजन जारी रखेगी। उन्होंने यह भी बताया कि इन चर्चाओं में कोई भी व्यक्ति निःशुल्क भाग लेकर अपने जीवन से जुड़े प्रश्नों का समाधान प्राप्त कर सकता है। साथ ही, कार्यक्रम में आए पत्रकार शुभम तोमर ने इस संवाद को युवाओं के जीवन के लिए अत्यंत उपयोगी बताया एवं संस्था का आभार जताया।




