India

पुरानी पेंशन बहाली की मांग तेज़, NMOPS ने घोषित किए आंदोलन के चरणबद्ध कार्यक्रम

1 अगस्त को देशभर में रोष मार्च, 5 सितंबर को सामूहिक उपवास, 1 अक्टूबर को सोशल मीडिया कैंपेन और 25 नवंबर को 'दिल्ली चलो' आंदोलन

NEW DELHI: नेशनल मूवमेंट फॉर ओल्ड पेंशन स्कीम (NMOPS) ने पुरानी पेंशन योजना (OPS) की बहाली की मांग को लेकर एक बार फिर से देशव्यापी आंदोलन की रूपरेखा तैयार कर ली है। संगठन की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की एक महत्वपूर्ण ऑनलाइन बैठक में आगामी आंदोलनों की रणनीति पर विचार-विमर्श हुआ। बैठक की अध्यक्षता राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय कुमार बंधु ने की और संचालन राष्ट्रीय महासचिव स्थित प्रज्ञा ने किया।

बैठक में पुरानी पेंशन की बहाली, सरकारी संस्थाओं के निजीकरण पर विरोध, और बिहार में आंदोलन को तेज करने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। अंततः सर्वसम्मति से आंदोलन के चार प्रमुख चरण तय किए गए।

आंदोलन का कार्यक्रम इस प्रकार रहेगा:

  • 1 अगस्त 2025: पूरे देश में कश्मीर से कन्याकुमारी तक जिला मुख्यालयों पर NMOPS के बैनर तले ‘रोष मार्च’ निकाला जाएगा। इस मार्च में OPS लागू करने और NPS/UPS के निजीकरण का विरोध किया जाएगा।

  • 5 सितंबर 2025: शिक्षक दिवस के अवसर पर देशभर के शिक्षक व कर्मचारी OPS की बहाली के समर्थन में सामूहिक उपवास करेंगे।

  • 1 अक्टूबर 2025: गांधी जयंती की पूर्व संध्या पर NMOPS के राष्ट्रीय आह्वान पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ (पूर्व ट्विटर) पर ‘ऑल इंडिया ट्विटर कैंपेन’ चलाया जाएगा।

  • 25 नवंबर 2025: पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर ‘दिल्ली चलो’ आंदोलन किया जाएगा, जिसमें देशभर के लाखों कर्मचारी राजधानी में जुटेंगे।

यह भी पढ़ें: नेता को चार पेंशन, अर्द्ध सैनिक को एक भी नहीं: विजय कुमार बन्धु

निजीकरण पर जताई चिंता

बैठक में विजय कुमार बंधु ने कहा, “सरकार लगातार सरकारी संस्थाओं का निजीकरण कर रही है, जिससे शिक्षक और कर्मचारी बेहद असंतुष्ट हैं। सरकारी स्कूलों को मर्जर के नाम पर बंद किया जा रहा है, जो बच्चों के शिक्षा अधिकार पर सीधा प्रहार है।”

राष्ट्रीय महासचिव स्थित प्रज्ञा ने कहा, “देश का शिक्षक और कर्मचारी वर्ग सरकारी नीतियों से आहत है। हम सरकार से मांग करते हैं कि निजीकरण की प्रक्रिया तुरंत रोकी जाए।”

यह भी पढ़ें:  पुरानी पेंशन की बहाली ही होगी स्व.डॉ.राम अशीष सिंह जी को सच्ची श्रद्धांजलि, जनक्रांति मूवी के जरिए पेंशन आंदोलन को नई ताकत

प्रदेश महामंत्री डॉ. नीरज त्रिपाठी ने बताया कि हाल ही में उत्तर प्रदेश में स्कूलों के मर्जर के खिलाफ चलाए गए ट्विटर अभियान को जबरदस्त समर्थन मिला और यह मुद्दा ट्रेंडिंग में बना रहा।

सुरक्षाबलों की पेंशन बहाली की भी मांग

राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. राजेश कुमार ने कहा, “सरकार देश की रक्षा कर रहे अर्धसैनिक बलों, शिक्षकों और कर्मचारियों की पुरानी पेंशन बहाल करे। ये लोग देश के विकास और सुरक्षा में अपनी अहम भूमिका निभा रहे हैं।”

बैठक में विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधियों की भागीदारी

इस ऑनलाइन बैठक में NMOPS के विभिन्न राज्यों के पदाधिकारियों ने भाग लिया जिनमें शांताराम तेजा, वरुण पाण्डेय, अमरीक सिंह, परमानंद डहरिया, मंजीत राणा, शशिभूषण, वितेश खांडेकर, डॉ. करमजीत, प्रेमसागर, अभिनव सिंह और दानिश इमरान सहित विभिन्‍न राज्‍यों के पदाधिकारियों ने भाग लिया।

WhatsApp Channel, Google News और सोशल मीडिया पर फॉलो करें

Sunil Yadav

संपादक, और अनुभवी पत्रकार हैं। वे दैनिक जागरण, आईनेक्‍स्‍ट, कैनविज टाइम्‍स और दैनिक जागरण आईनेक्‍स्‍ट से जुड़े रहे हैं। वह मुख्य रूप से उत्तर प्रदेश की राजनीति, प्रशासनिक ख़बरों, स्वास्थ्य सेवाओं, टेक्‍नोलॉजी से जुड़े विषयों पर लिखते हैं। ट्विटर (X) पर उनसे @sunilyadav21 पर जुड़ सकते हैं।

Related Articles

Back to top button