UP

69000 शिक्षक भर्ती विवाद: आरक्षण पीड़ित अभ्यर्थियों की लखनऊ में बड़ी बैठक, 19 मार्च की सुप्रीम कोर्ट सुनवाई पर बनी रणनीति

लखनऊ। 69000 सहायक शिक्षक भर्ती में आरक्षण से जुड़े विवाद को लेकर आरक्षण पीड़ित याची अभ्यर्थियों ने रविवार को लखनऊ के शालीमार पार्क में एक महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक पिछड़ा दलित संयुक्त मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सुशील कश्यप और प्रदेश संरक्षक भास्कर सिंह के नेतृत्व में आयोजित हुई, जिसमें 19 मार्च को सुप्रीम कोर्ट में होने वाली सुनवाई को लेकर रणनीति बनाई गई।

बैठक में नेताओं ने कहा कि वर्ष 2020 से यह मामला न्यायालय में चल रहा है, लेकिन छह साल बाद भी आरक्षण पीड़ित अभ्यर्थियों को न्याय नहीं मिल पाया है। उन्होंने सरकार से मांग की कि सुप्रीम कोर्ट में 19 मार्च को आरक्षण पीड़ित याचियों के पक्ष में “याची लाभ” का प्रस्ताव पेश कर मामले का निस्तारण किया जाए, ताकि प्रभावित अभ्यर्थियों को जल्द नौकरी मिल सके।

प्रदेश अध्यक्ष सुशील कश्यप और प्रदेश संरक्षक भास्कर सिंह ने स्पष्ट किया कि उनका किसी राजनीतिक दल से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने कहा कि वे न तो भर्ती की सूची दोबारा बनवाने की मांग कर रहे हैं और न ही पिछले छह वर्षों से कार्यरत शिक्षकों को हटाने की। उनका मुख्य उद्देश्य केवल यह है कि जो अभ्यर्थी वर्ष 2020 से सुप्रीम कोर्ट में अपने अधिकारों के लिए लड़ रहे हैं, उन्हें याची लाभ देकर न्याय दिया जाए।

उन्होंने कहा कि यदि सरकार इस रास्ते को अपनाती है तो किसी भी वर्ग का नुकसान नहीं होगा और दोनों पक्षों को लाभ मिलेगा, जिससे लंबे समय से चल रहा विवाद आसानी से समाप्त हो सकता है।

बैठक के बाद आरक्षण पीड़ित अभ्यर्थियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, केंद्रीय राज्य मंत्री जयंत चौधरी सहित प्रदेश के वरिष्ठ अधिकारियों को पत्र भेजकर न्याय की गुहार लगाई। साथ ही सरकार से अनुरोध किया गया कि वह 19 मार्च को सुप्रीम कोर्ट में उपस्थित होकर अपना पक्ष मजबूती से रखे।

इस दौरान अभ्यर्थियों ने लखनऊ स्थित एससीईआरटी कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन भी किया और सरकार से अपनी जिम्मेदारी निभाने की अपील की।

बैठक में राजेश चौधरी, रामविलास यादव, पुष्पेंद्र सिंह जेलर, नितिन पाल, सौरभ, अमन वर्मा, दुर्गा यादव, मालू सिंह चौधरी, पूनम यादव, बीना कुशवाहा और दीपिका राजपूत सहित कई अभ्यर्थी मौजूद रहे।

 

Shailendra Yadav

शैलेंद्र यादव सीनियर पत्रकार हैं। वह राजनीति, एजूकेशन, हेल्थ, लाइफ स्‍टाइल और ह्यूमन एंगल स्टोरीज लिखते हैं। ग्राउंड रिपोर्टिंग और दिलचस्प कहानियां भी लिखते हैं। पत्रकारिता में 12 साल का अनुभव है। करियर की शुरुआत सीतापुर लाइव न्यूज. इसके बाद विभिन्‍न पत्र पत्रिकाओं में काम किया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button