शिवपाल सिंह यादव ने भाजपा सरकार पर हमला बोला, कहा – लोकतंत्र विरोधी है भाजपा सरकार

मानपुर/सीतापुर: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार पर अब तक का सबसे तीखा हमला बोला है। सीतापुर की बिसवां विधानसभा क्षेत्र के ग्राम भिठौली में एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार पूरी तरह से किसान विरोधी है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अपने वादे भूल चुकी है और जब किसान खाद मांगता है, तो उसे खाद के बदले लाठियां मिल रही हैं।
शिवपाल यादव ने जनसभा में उमड़ी भीड़ को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश का अन्नदाता खाद के लिए मारा-मारा फिर रहा है, लेकिन सरकार उनकी सुध लेने के बजाय दमनकारी नीतियां अपना रही है। उन्होंने कहा कि ऐसी लोकतंत्र विरोधी सरकार को सत्ता में बने रहने का कोई हक नहीं है। ऐसी लोकतंत्र विरोधी सरकार को उखाड़ फेंकना है।
2027 के लिए कसें कमर
सपा महासचिव ने कार्यकर्ताओं और जनता से आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए अभी से एकजुट होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि लक्ष्य स्पष्ट है, समाजवादी पार्टी की सरकार बनाना है। इसके लिए सबसे जरूरी काम वोटर लिस्ट को ठीक करना है। शिवपाल यादव ने जोर देकर कहा कि कार्यकर्ता यह सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र व्यक्ति वोटर बनने से न छूटे। उन्होंने सभी से मेहनत करके वोटर लिस्ट में नाम शामिल करवाने और जांचने की अपील की।
सभा को समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष क्षत्रपाल सिंह यादव, विधायक अनिल वर्मा, पूर्व जिला अध्यक्ष सुरेश यादव, आयोजक अशोक यादव ने भी सम्बोधित किया।



