भीषण अग्निकांड से कांपा सीतापुर: चूल्हे की चिंगारी बनी मौत का कारण, मां-बेटी जिंदा जलीं, 14 घर राख

सीतापुर: जिले के सरैया चलाकापुर गांव में शनिवार देर शाम एक दर्दनाक अग्निकांड ने पूरे इलाके को दहला दिया। खाना बनाते समय उठी एक छोटी सी चिंगारी ने तेज आंधी के चलते विकराल रूप ले लिया और देखते ही देखते पूरे गांव को अपनी चपेट में ले लिया।
इस भयावह हादसे में शत्रोहन की पत्नी फूलमती (45) और उनकी मां (60) की जलकर दर्दनाक मौत हो गई, जबकि सात वर्षीय मासूम माही गंभीर रूप से झुलस गई है, जिसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
आग इतनी तेजी से फैली कि कुल 14 घर जलकर राख हो गए, जिससे कई परिवार बेघर हो गए। आग की चपेट में आकर कई मवेशी भी झुलस गए, जिससे ग्रामीणों को भारी नुकसान उठाना पड़ा।
घटना के दौरान संकरी गलियों के कारण दमकल की गाड़ियां गांव के अंदर नहीं पहुंच सकीं, जिससे आग पर समय रहते काबू नहीं पाया जा सका। ग्रामीणों ने हैंडपंप से पानी भरकर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तेज हवाओं ने हालात और बिगाड़ दिए।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंच गया है। स्थानीय विधायक आशा मौर्या और एसडीएम ने घटनास्थल का जायजा लिया है। प्रशासन द्वारा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किए जाने की प्रक्रिया जारी है।

फिलहाल पूरे गांव में दहशत और मातम का माहौल है, पीड़ित परिवारों को तत्काल मदद की उम्मीद है।
ताज़ा खबरें सबसे पहले पाएं
WhatsApp Channel, Google News और सोशल मीडिया पर फॉलो करें




