पुरानी पेंशन की बहाली, निजीकरण की समाप्ति और TET की अनिवार्यता की समाप्ति तक जारी रहेगा अटेवा का संघर्ष: विजय कुमार बन्धु

लखनऊ: पुरानी पेंशन (OPS) की बहाली, निजीकरण की समाप्ति और शिक्षकों के लिए TET की अनिवार्यता खत्म करने की मांग को लेकर ‘अटेवा पेंशन बचाओ मंच’ का संघर्ष तेज हो गया है।
अटेवा द्वारा निकाली जा रही ‘जनजागरण यात्रा’ का द्वितीय चरण सोमवार को राजधानी लखनऊ के तेलीबाग स्थित गंगा सिंचाई भवन से प्रारंभ हुआ। यहां सिंचाई विभाग और अन्य विभागों के कर्मचारियों ने अटेवा के प्रदेश अध्यक्ष विजय कुमार बन्धु का भव्य स्वागत किया। इस दौरान कर्मचारियों में पुरानी पेंशन बहाल न होने को लेकर भारी रोष देखने को मिला।
“सरकारी नौकरियों को खत्म करने की साजिश है निजीकरण और TET”
कर्मचारियों को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय कुमार बन्धु ने सरकार की नीतियों पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा, “सरकार लगातार निजीकरण को बढ़ावा देकर सरकारी नौकरियों को समाप्त कर रही है। ऐसा इसलिए किया जा रहा है ताकि सरकार को कर्मचारियों को पेंशन न देनी पड़े।”

पेंशन शिक्षक और कर्मचारी का अधिकार है
उन्होंने पुराने शिक्षकों पर थोपे गए TET के नियम का भी कड़ा विरोध किया। बन्धु ने कहा, “सरकारी नौकरियों को खत्म करने के लिए ही TET का नया नियम लाया गया है, जिससे कई शिक्षकों की नौकरी समाप्त हो जाए। जब तक पुरानी पेंशन बहाल नहीं होती, निजीकरण खत्म नहीं होता और TET की अनिवार्यता समाप्त नहीं होती, तब तक अटेवा का यह संघर्ष सड़क से लेकर सदन तक जारी रहेगा।”
प्रदेश महामंत्री डॉ. नीरज पति त्रिपाठी ने अपने संबोधन में कहा कि पुरानी पेंशन सरकारी शिक्षक और कर्मचारी का संवैधानिक अधिकार है। शिक्षक और कर्मचारी इसे लेकर ही मानेंगे, इसके लिए चाहे जितना भी लंबा संघर्ष क्यों न करना पड़े।

SGPGI और मोहनलालगंज में हुआ जोरदार स्वागत
गंगा सिंचाई भवन से शुरू होकर यह जनजागरण यात्रा संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान (SGPGI) पहुंची। यहां PGI नर्सिंग संघ की अध्यक्ष लता सचान और कर्मचारी यूनियन के अध्यक्ष जितेंद्र यादव के नेतृत्व में भारी संख्या में नर्सेस और कर्मचारियों ने यात्रा का स्वागत किया।

इसके बाद यात्रा मोहनलालगंज तहसील पहुंची। वहां बार एसोसिएशन के अध्यक्ष कौशलेंद्र शुक्ला और महामंत्री राम लखन यादव ने सैकड़ों अधिवक्ताओं के साथ यात्रा का गर्मजोशी से स्वागत किया और एक विशेष संवाद कार्यक्रम भी आयोजित किया।
रायबरेली की ओर प्रस्थान
मोहनलालगंज में संवाद कार्यक्रम के बाद जनजागरण यात्रा बछरावां होते हुए लालगंज (रायबरेली) के लिए प्रस्थान कर गई। रायबरेली के टोल प्लाजा पर स्थानीय कर्मचारियों और शिक्षकों ने यात्रा का जोरदार स्वागत किया।
इस यात्रा में मिनिस्ट्रियल संगठन के प्रदेश महामंत्री अमित कुमार, मनोज यादव (ड्राइंग स्टाफ अध्यक्ष), नरेंद्र कुमार, धर्मेन्द्र गोयन, सुमन कुरील, चन्द्रहास सिंह, कुलदीप सैनी, रजत प्रकाश, सुनील वर्मा, प्रदीप यादव, अर्पित मिश्रा सहित भारी संख्या में शिक्षक, कर्मचारी, अधिवक्ता और युवा उपस्थित रहे।



