अपनी बगिया के फूलों को रोज स्कूल भेजें, तभी खिलेगा भविष्य: ऋचा सिंह

Raebareli: अमावा ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय पूरे शिवा में बुधवार को वार्षिकोत्सव एवं अभिभावक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) ऋचा सिंह थीं। विशिष्ट अतिथि के रूप में आरएसएम के जिलाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह, जिला संगठन मंत्री मधुकर सिंह और ब्लॉक अध्यक्ष ब्रजेंद्र कुमार ने शिरकत की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बीईओ ऋचा सिंह ने कहा, “बच्चे आपके बगिया के फूल हैं। उन्हें रोजाना विद्यालय भेजना आपकी पहली जिम्मेदारी है।” उन्होंने आगे कहा कि बच्चों की पढ़ाई केवल कक्षा आठ तक सीमित न रहे, उन्हें आगे भी शिक्षा से जोड़े रखना चाहिए। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे समय-समय पर विद्यालय आकर देखें कि बच्चों को कैसी शिक्षा दी जा रही है।

आरएसएम के जिलाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह और जिला संगठन मंत्री मधुकर सिंह ने भी अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा कि आज के सरकारी विद्यालय किसी प्राइवेट स्कूल से कम नहीं हैं। बच्चों की तरक्की के लिए नियमित उपस्थिति अनिवार्य है।

कार्यक्रम का संचालन विद्यालय की प्रधानाध्यापिका शीरीन महमूद ने किया। उन्होंने बताया कि बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के अंतर्गत वेलकम गीत, सोशल मीडिया से हो रहे नुकसान पर आधारित नाट्य प्रस्तुति, लोकनृत्य और हास्य नृत्य की शानदार झलकियां पेश कीं। विद्यालय के पूर्व छात्रों ने देशभक्ति पर आधारित कार्यक्रम प्रस्तुत कर सबका मन मोह लिया।
इस अवसर पर एसएमसी अध्यक्ष रामकृष्ण, नोडल शिक्षक नीरज कुमार, सहायक अध्यापक रेनू यादव, विद्या सिंह, शिवाकांत, शिवानी सिंह समेत दर्जनों अभिभावक उपस्थित रहे।
ताज़ा खबरें सबसे पहले पाएं
WhatsApp Channel, Google News और सोशल मीडिया पर फॉलो करें




