टाइम बैंक ऑफ इंडिया की बैठक में लिया जनसेवा का संकल्प, भ्रूण हत्या के खिलाफ मुहिम को समर्थन

लखनऊ: टाइम बैंक ऑफ इंडिया (Time Bank Of India) , लखनऊ चैप्टर की मासिक बैठक आशियाना गुरुद्वारे में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। श्री जगजीत सिंह की अध्यक्षता में आयोजित इस सभा में वरिष्ठ नागरिकों ने समाज सेवा में अपना बहुमूल्य समय और अनुभव योगदान करने पर मंथन किया। इस अवसर पर सेवानिवृत्त वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. लक्ष्मी शंकर मौर्य विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
बैठक में महिला शक्ति की प्रभावी भागीदारी देखने को मिली। डॉ. प्रोमिला श्रीवास्तव, तनुजा और वीना अग्रवाल की विशेष उपस्थिति ने आयोजन को और अधिक सार्थक बनाया। सभा के दौरान दो नए सदस्यों डिफेंस एकाउंट्स विभाग से सेवानिवृत्त ज्ञान प्रकाश त्रिपाठी और अकाउंटेंट जनरल ऑफिस से सेवानिवृत्त वीरेंद्र कुमार मित्तल का सभी सदस्यों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। कुल मिलाकर 14 सदस्यों ने इस विचार-विमर्श में हिस्सा लिया।
सेवानिवृत्ति के बाद जनसेवा का बेहतरीन माध्यम है टाइम बैंक
Time Bank Of India संयोजक जी.पी. अग्रवाल ने पिछले कुछ महीनों से सदस्यों के निवास पर हो रही बैठकों की सफलता के बारे में विस्तार से जानकारी दी। सदस्यों ने इस पहल की सराहना की, इससे पिनकोड 226012 के बाहर रहने वाले सदस्यों के लिए भी बैठकों में शामिल होना आसान हो गया है। चर्चा को आगे बढ़ाते हुए श्री राकेश शर्मा ने ‘टाइम बैंक’ के महत्व और इसकी रूपरेखा पर प्रकाश डाला। सभी सदस्यों ने एक स्वर में यह माना कि सेवानिवृत्ति के बाद जीवन के इस पड़ाव को जनसेवा में समर्पित करने के लिए टाइम बैंक एक बेहद सशक्त और सकारात्मक माध्यम है।
यह भी पढ़ें: टाइम बैंक आफ इंडिया से लखनऊ के एकाकी वरिष्ठ नागरिकों को मिल रही मदद
भ्रूण हत्या के खिलाफ चलेगा जन-जागरण अभियान
समाज सेवा के व्यावहारिक कार्यों पर चर्चा करते हुए तनुजा ने एक महत्वपूर्ण जानकारी साझा करते हुए बताया कि आगामी 4 और 5 अप्रैल को सुशांत गोल्फ सिटी में एक जागरूक महिला मंडल द्वारा भ्रूण हत्या के खिलाफ जनजागरण के उद्देश्य से एक नाटक का मंचन किया जा रहा है। इस विषय पर चिंता व्यक्त करते हुए मुख्य अतिथि डॉ. मौर्य ने कहा कि यह कुप्रथा आज भी भारतीय सभ्य समाज के माथे पर एक कलंक है और इसे जड़ से खत्म करने के लिए निरंतर जागरूकता की सख्त आवश्यकता है। सभी सदस्यों ने इस अभियान का समर्थन करते हुए आगामी कार्यक्रम में शामिल होने का संकल्प लिया।
यह भी पढ़ें: टाइम बैंक ऑफ इंडिया लखनऊ चैप्टर की बैठक सम्पन्न, घर घर जाकर सदस्यों से भेंट करेंगे प्रतिनिधि
टाइम बैंक आफ इंडिया के संयोजक जीपी अग्रवाल ने सदस्यों से कहा कि यह मीटिंग विशेष तौर पर आयोजित की गई थी, उन्होंने सभी सदस्यों से अनुरोध किया कि जो लोग शामिल नहीं हो सके हैं वह आगामी मीटिंग में अवश्य पधारे।



